Google Analytics —— Meta Pixel

समाज में बढ़ती अराजकता पर विद्वानों ने जताई चिंता, कहा– वार्ता से ही निकल सकता है समाधान

रायपुर। पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को वृंदावन हाल रायपुर में प्रादेशिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विषय था “वर्तमान चुनौतियां और हमारा सरोकार” एवं “छत्तीसगढ़–कल, आज और कल”। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना व राजगीत से हुआ। मुख्य वक्ता शिक्षाविद् डॉ. चितरंजन कर रहे और अध्यक्षता डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने की।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर सुनवाई आज, ED भी करेगी जवाब दाखिल

फाउंडेशन अध्यक्ष दूजेराम धीवर ने संगठन की स्थापना और उसकी सार्थकता पर प्रकाश डाला, जबकि संयोजक महेन्द्र पटेल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। संरक्षक आनंदराम पत्रकारश्री ने आधार वक्तव्य देते हुए छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक चुनौतियों से लेकर वर्तमान की बेरोजगारी, नशे की लत, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक संकट पर चिंता जताई।

Peepla Foundation

मुख्य वक्ता डॉ. कर ने कहा, “अंधेरा मिटाने चिराग जलाना पड़ता है, समस्याओं का समाधान युद्ध से नहीं बल्कि वार्ता से संभव है।” उन्होंने शिक्षा और संस्कार की महत्ता पर बल देते हुए छत्तीसगढ़ का भविष्य उज्ज्वल बताया।

अध्यक्षता कर रहे डॉ. माणिक विश्वकर्मा ने पानी की समस्या, पर्यावरण संरक्षण और हिंदी को राष्ट्रभाषा न बना पाने पर चिंता जताई। पूर्व पुलिस अधिकारी जयंत थोरात ने संयुक्त परिवार व्यवस्था के टूटने को नई पीढ़ी में संस्कारहीनता का कारण बताया।

डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने मोबाइल की लत से बच्चों के मानसिक विकास पर पड़ने वाले असर की ओर ध्यान आकृष्ट किया। अंतर्राष्ट्रीय रचनाकार डॉ. कृष्ण कुमार पाटिल ने समाज में बढ़ती अराजकता पर चिंता जताते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ का विकास तभी संभव है जब जिम्मेदारी के पद पर ईमानदार और विद्वान लोग हों।”

एम. राजीव ने ट्रंप टैरिफ की चुनौतियों पर विचार रखे, जबकि शिक्षाविद् मुरली मनोहर देवांगन ने युवाओं की चुनौतियों को रेखांकित किया। प्रख्यात कवि मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति “नंदा जाही का रे…” से कार्यक्रम का समापन कराया।

सभी वक्ताओं को श्रीरामचरित मानस भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार शशांक खरे ने किया और आभार प्रदर्शन संरक्षक पारसनाथ साहू ने किया।

संगोष्ठी में संगठन के संरक्षक आनंदराम पत्रकारश्री, पारसनाथ साहू, थानसिंग साहू, मार्गदर्शक सदस्य शशांक खरे, मुरली मनोहर देवांगन, डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर सहित पीपला परिवार व रानी पद्मावती महिला संगठन की सक्रिय भूमिका रही। नगर सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे चिंतकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और इसे सार्थक पहल बताया।

Back to top button
error: Content is protected !!