Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में स्ट्रेंजर्स पार्टी के नाम पर न्यूड पार्टी का प्लान, VIP क्लब संचालक समेत 7 गिरफ्तार

Raipur Nude Party Action: राजधानी रायपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। जानकारी के मुताबिक रायपुर के भाठागांव इलाके में स्थित एक लग्जरी फार्महाउस में न्यूड पार्टी आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इस पार्टी से जुड़े कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि भाठागांव आउटर इलाके में एक फार्महाउस में 21 सितंबर को न्यूड पार्टी का आयोजन होने वाला है। इस फार्महाउस का नाम ‘एसएस फार्म हाउस’ है, जो शहर के एक नामी होटल कारोबारी और हाउसिंग बोर्ड के रिटायर्ड अफसर संतोष गुप्ता का है।

यह भी पढ़ें:- समाज में बढ़ती अराजकता पर विद्वानों ने जताई चिंता, कहा– वार्ता से ही निकल सकता है समाधान

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस पार्टी में राजधानी और अन्य शहरों से अमीर मेहमानों, सोशलाइट्स और युवाओं के शामिल होने की संभावना थी। पार्टी में न्यूड थीम के अलावा स्ट्रेंजर्स पार्टी और पूल पार्टी की भी पूरी तैयारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार जिस फार्महाउस में यह आयोजन होना था, उसमें अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जिनमें हाई-क्लास रूम्स, स्विमिंग पूल, गार्डन एरिया, प्राइवेट लाउंज और बार शामिल है। यह फार्महाउस भाठागांव के आउटर इलाके में खाली जगह पर स्थित है, जिससे इसे ऐसे आयोजनों के लिए सुरक्षित ठिकाना समझा गया। (Raipur Nude Party Action)

पुलिस ने छापा मारते हुए इस पार्टी से जुड़े कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें फार्महाउस के मालिक, हाउसिंग बोर्ड के रिटायर्ड अफसर और होटल कारोबारी संतोष गुप्ता, रायपुर के VIP रोड स्थित हाइपर क्लब के संचालक जेम्स बेक समेत अन्य 5 आयोजक और प्रमोटर शामिल है, जो स्ट्रेंजर्स पार्टी और पूल पार्टी की व्यवस्था में शामिल थे। पुलिस को शक है कि स्ट्रेंजर्स पार्टी की आड़ में न्यूड पार्टी करवाई जा रही थी। कुछ दिनों पहले की एक पार्टी का वायरल वीडियो भी इस पूरे मामले को जोड़ता दिख रहा है। इस तरह की पार्टियों में आने वाले मेहमानों की पहचान उजागर नहीं की जाती और उन्हें ‘स्ट्रेंजर’ की तरह ट्रीट किया जाता है, जिससे किसी की निजी जानकारी सार्वजनिक न हो।

कब और कैसे थी योजना ?

  • आयोजन की तारीख- 21 सितंबर 2025
  • थीम- स्ट्रेंजर्स हाउस पार्टी, न्यूड पार्टी और पूल पार्टी
  • विधान- विशेष निमंत्रण के आधार पर मेहमानों को बुलाया जाना था
  • लॉकेशन- एसएस फार्म हाउस, भाठागांव 

मामला सामने आने के बाद PCC चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अब नशा और नग्नता की ब्रांड एंबेसडर बन चुकी है। न्यूड पार्टी के पोस्टर वायरल हुए 72 घंटे से ज्यादा हो गए, लेकिन अभी तक आयोजकों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जो पकड़े गए हैं, वो दूसरी पार्टी यानी स्ट्रेंजर पार्टी के आयोजक हैं। सरकार इस पूरे मामले में संरक्षण दे रही है। दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक मर्यादाओं को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक मुख्यमंत्री या गृहमंत्री का कोई आधिकारिक बयान क्यों नहीं आया। जानकारी के मुताबिक पार्टी की अनुमति नहीं ली गई थी। फार्महाउस के कमरे और लॉन्ज जांच के दायरे में हैं। पिछले कार्यक्रमों के सोशल मीडिया वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं। कुछ युवतियों से भी पूछताछ की जा रही है, जो पहले की पार्टी में शामिल थीं।

इस मामले से उठते सवाल

  • क्या इन पार्टियों के पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है ?
  • क्या पुलिस और प्रशासन की जानकारी में पहले भी ऐसी पार्टियां हुई हैं ?
  • अगर फार्महाउस में अवैध गतिविधियां होती रही हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई ?
  • सरकार की चुप्पी क्या किसी को बचाने की कोशिश है ?

 रायपुर में न्यूड पार्टी के नाम पर जो खुलासा हुआ है, वह न केवल शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को भी कठघरे में लाता है। आने वाले दिनों में इस मामले की जांच और राजनीति दोनों और तेज होने की संभावना है

NSUI का कलेक्टर कार्यालय घेराव

इधर, NSUI कार्यकर्ताओं ने रायपुर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब को बंद करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस क्लब में लगातार अश्लील गतिविधियां, नशाखोरी और अनैतिक पार्टियां आयोजित होती रही हैं। पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से उन्होंने मांग की कि हाइपर क्लब का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए। फार्महाउस और अन्य क्लबों की जांच की जाए। ऐसी पार्टियों के आयोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर ही रोक दिया, लेकिन प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

Back to top button
error: Content is protected !!