Google Analytics —— Meta Pixel

मार्च 2026 से पहले देश में पूरी तरह से खत्म हो जाएगा नक्सलवाद: गृहमंत्री शाह

Shah Meeting in Raipur: रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नक्सल प्रभावित राज्यों की अंतर राज्यीय समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और डिप्टी CM विजय शर्मा शामिल हुए। साथ ही केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, निदेशक, आसूचना ब्यूरो और राष्ट्रीय जांच ऐजेंसी (NIA), CRPF, BSF, SSB और ITBP के महानिदेशक शामिल हुए। वहीं छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश,आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा का बड़ा हमला : सतनामी समाज के न्याय की लड़ाई में बाधा बन रही कांग्रेस: गुरु खुशवंत

बैठक में नक्सलवाद से निपटने की रणनीति, अंतर्राज्यीय समन्वय, सुरक्षा बलों के क्षमता निर्माण, वामपंथी उग्रवाद मामलों की जल्द जांच और अभियोजन, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के व्यापक विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। गृहमंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान अब निर्णायक मोड़ पर है। मार्च 2026 से पहले हम नक्सलवाद को देश से पूरी तरह समाप्त करने के प्रति कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान की शुरुआत में जो गति और तीव्रता थी, उससे दो गुना गति और तीव्रता से अब हमें 2 साल और काम करने की जरूरत है, तभी इस समस्या को पूरी तरह समाप्त किया जा सकेगा। (Shah Meeting in Raipur)

  

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ विकास, प्रॉसीक्यूशन और ऑपरेशन के तीनों मोर्चों पर एक संपूर्ण रणनीति के साथ लड़ाई लड़ी है, जिसके परिणामस्वरूप ये समस्या अब काफी हद तक सिमट गई है। उन्होंने कहा कि अब ये समस्या छत्तीसगढ़ के गिने चुने क्षेत्रों तक सीमित रह गई है। गृहमंत्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के कारण पिछले 7 महीनों में राज्य सरकार ने इससे पहले अब तक की इसी अवधि में बहुत बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि इन 7 महीनों में सबसे ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। सबसे ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और गिरफ्तार किए गए हैं। गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ शासन को बधाई कि नई सरकार बनने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ अभियान अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। (Shah Meeting in Raipur)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सल प्रभावित जिलों में भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की सभी योजनाओं का 100% क्रियान्वयन हो, ऐसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति हो और ऐसी परियोजनाओं के दौरान आने वाली चुनौतियों को दूर किया जा सके, इसके लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। अब समय आ गया है कि वामपंथी उग्रवाद की समस्या पर एक मजबूत रणनीति के साथ अंतिम प्रहार किया जाए।  शाह ने कहा कि बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कुछ फैसले भी लिए हैं, जो लोग वामपंथी उग्रवाद के लंबे समय के प्रभाव के कारण निरक्षर रहे हैं चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो, उन्हें साक्षर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और भारत सरकार का गृह मंत्रालय एक अभियान चलाएगा। (Shah Meeting in Raipur)

उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता की खरीदी में हम अमूलचूल परिवर्तन भी करेंगे। कहीं 3 राज्यों का तो कहीं 2 राज्यों का संयुक्त टास्क फोर्स बनाया गया है, जहां जैसा जंक्शन है वह बनाया गया है, सूचनाओं के आदान-प्रदान का खाका मजबूत किया गया है और भारत सरकार की एजेंसियां ​​सभी राज्यों के बीच समन्वय के लिए काम कर रही हैं और संयुक्त टास्क फोर्स के हमें बहुत अच्छे परिणाम मिले हैं। शाह ने कहा कि पहले 10 सालों में 6617 सुरक्षाकर्मी और नागरिकों की मौत हुई थी और अब इसमें 70% की कमी आई है। मुझे विश्वास है कि हमारी लड़ाई अंतिम चरण में पहुंच गई है और हम देश को मार्च 2026 तक पूरी तरह से नक्सल समस्या से मुक्त कर पाएंगे। (Shah Meeting in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!