भारत आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: गृहमंत्री अमित शाह
Shah on Operation Sindoor: भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम में हमारे निर्दोष भाइयों की क्रूर हत्या के लिए भारत का जवाब है। मोदी सरकार भारत और उसके लोगों पर किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद तीनों सेना प्रमुखों से बात की और स्थिति पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने ट्वीट कर लिखा- भारत माता की जय। भारतीय सेना ने ट्वीट किया- न्याय हुआ। जय हिंद।
यह भी पढ़ें:- Operation Sindoor Update : भारत का बड़ा मिसाइल हमला, पहलगाम का बदला लेते हुए 100 से ज्यादा आतंकी ढेर, तबाह किए लॉन्च पैड
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा- विश्व को आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस दिखाना चाहिए।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट किया- जय हिंद। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया- भारत माता की जय। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट किया- हर हर महादेव। वंदे मातरम्। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया- जय हिंद! जय हिंद की सेना! भाजपा नेता प्रतुल शाह देव ने कहा कि आज सुबह की सूरज की किरणें पूरे देश के लिए मुस्कुराहट लेकर आई हैं। हमारी सेना ने रात को पाकिस्तान के 9 बड़े आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया। इसका नाम ऑपरेशन सिंदूर रखा गया है। आज हमने पहलगाम हमले का उनसे बदला ले लिया है। पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है कि हम लोग एक हैं।
पाकिस्तान और PoK के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी को कानपुर स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। बता दें कि भारत ने कल देर रात पाकिस्तान और PoK के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इसे लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, जिन 26 निर्दोष लोगों की हत्या आतंकवादियों ने छुपकर की थी, उनके आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने का काम हमारे जांबाज सैनिकों ने किया है। हम अपनी सेना का आभार व्यक्त करते हैं। यह 26 निर्दोष लोगों की हत्या का बदला है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा कि यह बदलता भारत है। मुझे अपनी भारतीय सेना पर गर्व है। मैं सभी को बधाई देता हूं।
देश ऑपरेशन सिंदूर का जश्न मनाएगा: JDU
भाजपा नेता राजेंद्र राठौर ने कहा कि पहलगाम में पाकिस्तान की शह पर आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, आज ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के उन ठिकानों को नष्ट कर दिया जहां आतंकवाद की फैक्ट्रियां चल रही थीं। प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। जम्मू-कश्मीर JDU अध्यक्ष जी.एम. शाहीन ने कहा कि यह सही वक्त पर एक सही फैसला था। हमले सही निशाने पर किए गए। हमले आतंकी ठिकानों पर किए गए। इसी चीज का पूरे देश को इंतजार था। देश आज ऑपरेशन सिंदूर का जश्न मनाएगा। हमारी सरकार ने साबित कर दिया है कि हम जो कहते हैं, वह करते हैं। मैं इसके लिए अपनी सरकार, भारतीय सेना, वायु सेना को मुबारकबाद देना चाहूंगा।
आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प लिया: ठाकुर
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि जो ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया, जिसमें 9 जगहों पर स्ट्राइक की गई और इसमें कई आतंकियों के मारे जाने की खबर है। यह एक बहुत अच्छा कदम है। जिस तरह से भारत और भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है, उसे अंजाम तक पहुंचाना है। हमें उम्मीद है कि भारत बड़ी कार्रवाई करेगा और आतंकियों का खात्मा करेगा। भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने कहा था ‘मोदी को बता देना’ और आज 7 मई को मोदी जी ने बता दिया। यह स्पष्ट है कि भारत में एक मजबूत सरकार है। यह पाकिस्तान की हिमायत करने वालों के मुंह पर एक तमाचा है। इसे अंजाम देने के लिए वायु सेना और सेना को बधाई दी जानी चाहिए। भारत ने यह कर दिखाया, यह भारत की उपलब्धि है। भारत माता की जय।
पाकिस्तान लंबे समय तक टिकने वाला नहीं: कविंदर
जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय तक टिकने वाला नहीं है। पाकिस्तान को कई हिस्सों में विभाजित किया जाएगा और यह विश्व के नक्शे से खत्म हो जाएगा। महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से जो कार्रवाई शुरू हुई मैं उसका अभिनंदन करता हूं। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का बहुत आभारी हूं। आज निश्चित रूप से देशवासियों को न्याय मिला है। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पहलगाम हमले का बदला आज भारत ने ले लिया है। आज देश के हर नागरिक के मन-मस्तिष्क में एक ही नारा गूंज रहा है जय हिंद, जय हिंद की सेना। हमारी सेना ने पाकिस्तान के आम आदमी को क्षति नहीं पहुंचाई है ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना, भारत सरकार विशेष रूप से PM मोदी, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री पूरी भारत सरकार को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं। आपने जो कहा वो कर दिखाया और दुनिया को बता दिया कि छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।



