पूर्व चेतावनी के बाद भी केरल सरकार ने कुछ क्यों नहीं किया, कौन रोक रहा था ?: केंद्रीय गृहमंत्री शाह

Shah on Wayanad Landslide: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वायनाड में जितने भी लोग हताहत हुए हैं और घायल हुए हैं, उन सभी के परिवारजनों के साथ मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सदन के सामने स्पष्ट करना चाहता हूं। वे पूर्व चेतावनी की बात करते रहे हैं। मैं बताना चाहता हूं कि 23 जुलाई को भारत सरकार ने केरल सरकार को पूर्व चेतावनी दी थी। घटना से 7 दिन पहले और फिर 24 और 25 जुलाई को भी पूर्व चेतावनी दी गई। 26 जुलाई को चेतावनी दी गई कि 20 सेमी से ज्यादा भारी बारिश की संभावना है। भूस्खलन भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें:- UPSC का बड़ा एक्शन, पूजा खेडकर की छिनी अफसरी, भविष्य में भी नहीं दे पाएंगी परीक्षा
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि चेतावनी दी गई थी कि मिट्टी का बहाव हो सकता है और इसमें लोगों की जान जा सकती है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इन प्रयासों के बावजूद भारत सरकार की पूर्व चेतावनी प्रणाली पर सवाल उठाया गया है। सरकार ने 2014 के बाद पूर्व चेतावनी प्रणाली के लिए 2000 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। मैं इस पर कुछ बोलना नहीं चाहता था, लेकिन भारत सरकार के पूर्व चेतावनी प्रणाली पर सवाल उठाए गए। इसलिए मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप हमारी बात सुनें, चिल्लाने से बचें और इसके बजाय, जारी की गई चेतावनियों को पढ़ें। इस देश में कई राज्य सरकारें ऐसी हैं, जिन्होंने इस प्रकार की पूर्व चेतावनी का उपयोग करके शून्य हताहत आपदा प्रबंधन किया है। (Shah on Wayanad Landslide)
7 दिन पहले भेजी जाती है सूचना: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि ओडिशा में जब नवीन बाबू की सरकार थी तो हमने 7 दिन पहले साइक्लोन का अलर्ट भेजा, सिर्फ एक व्यक्ति की मृत्यु हुई, वो भी गलती से। गुजरात सरकार को हमने 3 दिन पहले साइक्लोन का अलर्ट भेजा, जहां एक पशु भी नहीं मरा। पूर्व चेतावनी प्रणाली के जरिए 7 दिन पहले हर राज्य को सूचना भेजी जाती है। वो सूचना वेबसाइट पर सबके लिए उपलब्ध है। मेरा उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं है, बल्कि सभी को ध्यान से सुनने और सतर्क रहने का आग्रह करना है। कई राज्यों ने इसका उपयोग भी किया है और परिणाम भी आया है। इस प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के माध्यम से संभावित भूस्खलन की आशंका में मैंने व्यक्तिगत रूप से केरल में 9 NDRF टीमों की तैनाती को अधिकृत किया। (Shah on Wayanad Landslide)
2016 से पूर्व चेतावनी प्रणाली का प्रोजेक्ट चालू: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि केरल सरकार ने क्या किया? वहां से लोगों को शिफ्ट क्यों नहीं किया गया, कौन रोक रहा था। नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने। 2016 से पूर्व चेतावनी प्रणाली का प्रोजेक्ट चालू हुआ और 2023 तक दुनिया का सबसे आधुनिक पूर्व चेतावनी प्रणाली भारत में है। विशेष रूप से भारत विश्व स्तर पर उन चुनिंदा चार देशों में से एक है, जो सात दिन पहले तक मौसम के मिजाज का पूर्वानुमान लगा सकता है। विपक्ष ने कहा कि आपदा के पैसे रिलीज करने का अधिकार राज्य के पास नहीं है, ये गलत है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि SDRF में 10% राशि कोई भी राज्य अपने हिसाब से इश्यू कर सकता है। 100% राशि के लिए भारत सरकार से किसी भी परमिशन की आवश्यकता नहीं है सिर्फ भारत सरकार की गाइडलाइन को फॉलो करना है। (Shah on Wayanad Landslide)
चट्टान की तरह खड़ी रहेगी सरकार: शाह
शाह ने कहा कि 2014 से 2024 तक 6,244 करोड़ रुपये बंगाल के लिए अप्रूव किए हैं, जिस प्रकार से इनके खर्च का हिसाब आता है, उसी हिसाब से रिलीज होते हैं। उसमें से 4,619 करोड़ रुपये हमने वापस कर दिया है। ये समय है केरल की जनता और वहां की सरकार के साथ खड़े रहने का। मैं सदन को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि नरेन्द्र मोदी सरकार केरल की जनता और वहां की सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी। (Shah on Wayanad Landslide)
हर कोई बहुत दुखी: राज्यपाल आरिफ
वायनाड भूस्खलन पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह कितनी बड़ी त्रासदी है। पूरा राज्य, पूरा देश, हर कोई बहुत दुखी है। अच्छी बात यह है कि स्वयंसेवक, जिला प्रशासन, पुलिस, सभी 2 घंटे से भी कम समय में वहां पर पहुंच गए और हमारी सेना, नौसेना, वायु सेना को भी वहां पहुंचने में कोई समय नहीं लगा और वह समय पर वहां पहुंच रहे हैं। सभी सरकारी अस्पताल छोटे हैं, लेकिन वे इतनी अच्छी देखभाल कर रहे हैं कि हमें उन पर गर्व होना चाहिए। (Shah on Wayanad Landslide)



