Google Analytics —— Meta Pixel

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का विपक्ष पर हमला, कहा- 70 करोड़ महिलाओं के साथ किया विश्वासघात

Shah on Women Reservation: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया। साथ ही विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- लोकसभा में बहुत अजीब दृश्य दिखा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल को कांग्रेस, TMC, DMK और समाजवादी पार्टी ने पारित नहीं होने दिया। महिलाओं को 33% आरक्षण देने के बिल को गिरा देना, उसका उत्साह मनाना और जयनाद करना सचमुच निंदनीय और कल्पना से परे है। अब देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण, जो उनका अधिकार था, वह नहीं मिल पाएगा।

यह भी पढ़ें:- महिला आरक्षण संशोधन बिल पर सियासी संग्राम, लोकसभा में पास नहीं होने पर NDA सांसदों और मंत्रियों ने किया प्रदर्शन

गृहमंत्री शाह ने आगे कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने यह पहली बार नहीं किया, बल्कि बार-बार किया है। उनकी यह सोच न महिलाओं के हित में है और न देश के। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि नारी शक्ति के अपमान की यह बात यहां नहीं रुकेगी, दूर तक जाएगी। विपक्ष को महिलाओं का आक्रोश न सिर्फ 2029 लोकसभा चुनाव में, बल्कि हर स्तर, हर चुनाव और हर स्थान पर झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी, 70 करोड़ महिलाओं को धोखा देने और उनका विश्वास खोने के बाद कोई कैसे विजय का जश्न मना सकता है ? विपक्ष का यह जश्न हर उस महिला का अपमान है, जो दशकों से अपने अधिकार का इंतजार कर रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी कितनी बार महिलाओं के साथ विश्वासघात करेंगे ?

महिलाओं को हक देने में कांग्रेस हमेशा पीछे हटी: शाह

शाह ने कहा कि कई बार विजय जैसी प्रतीत होने वाली अहंकार की खुशी, असलियत में छिपी हुई एक बड़ी पराजय होती है, जिसे कुछ लोग समझ नहीं पाते। इससे पहले उन्होंने लोकसभा में कहा था कि इतिहास हजारों सालों तक योगदान और विघ्न को याद रखता है। रामसेतु में गिलहरी का योगदान हो या हवन में हड्डियां डालने वाली ताड़का का विघ्न हो। महिलाओं को हक देने के निर्णयों में कांग्रेस हमेशा पीछे हटी है। शाहबानो मामले में पीछे हटी, ट्रिपल तलाक में पीछे हटी और अब महिला आरक्षण में भी पीछे हट गई है। देश की महिलाएं देख रही हैं कि उनके रास्ते का रोड़ा कौन है। जब आप चुनाव में जाओगे तो मातृशक्ति हिसाब मांगेगी, तब आपको भागने के लिए रास्ता नहीं मिलेगा। (Shah on Women Reservation)

Back to top button
error: Content is protected !!