सदन में सिर्फ एक बिल नहीं गिरा…देश की आधी आबादी के सपनों, उम्मीदों और हक को कुचला गया है: BJP

BJP on Women Reservation: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। साथ ही कहा कि सदन में सिर्फ एक बिल नहीं गिरा। देश की आधी आबादी के सपनों, उम्मीदों और हक को कुचला गया है। नारीशक्ति इसका हिसाब जरूर लेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस के एंटी वूमेन अलायंस ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात करने का काम किया है। कांग्रेस का एंटी वूमेन अलायंस पूरी तरह उजागर हुआ है। हम इस विषय को लेकर सड़क पर उतरेंगे। आने वाले समय में महिलाएं इसका करारा जवाब देंगी।
यह भी पढ़ें:- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का विपक्ष पर हमला, कहा- 70 करोड़ महिलाओं के साथ किया विश्वासघात
नबीन ने कहा कि यह दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा सकता था, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस के महिला-विरोधी गठबंधन ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। राजनीति में आधी आबादी की भागीदारी सुनिश्चित करने का दिन हो सकता था, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ मिलकर उनके सहयोगी दलों ने उनके हक को मारा है। सदन में महिला आरक्षण बिल के साथ महिलाओं के दिल से ये एंटी वूमेन अलायंस भी पूरी तरह से गिर गया है। लोकसभा में कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और पूरे इंडी गठबंधन का असली महिला-विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया, जिस कांग्रेस ने दशकों तक महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा, उसने उनकी हिस्सेदारी और भागीदारी की सरेआम हकमारी की है, जो करोड़ों माताओं-बहनों के सपनों पर एक कायरतापूर्ण प्रहार है। (BJP on Women Reservation)
नारी शक्ति का बार-बार अपमान ही कांग्रेस की असल राजनीति: BJP
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि खोखले वादे और नारी शक्ति का बार-बार अपमान करना ही कांग्रेस की असल राजनीति रही है। एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश महिलाओं को ‘शक्ति’ मानकर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए संकल्पित है, वहीं विपक्ष की यह नकारात्मक सोच उनके विकास विरोधी चरित्र को दर्शाती है। नारी शक्ति का यह आक्रोश अब रुकने वाला नहीं है और आगामी चुनावों में देश की माताएं-बहनें अपने अधिकारों को रौंदने वालों को कड़ा सबक सिखाते हुए इस विश्वासघात का पूरा हिसाब चुकता करेंगी। केंद्रीय मंत्री और पूर्व बीजेपी अध्यक्ष JP नड्डा ने कहा कि लोकसभा में 131वां संशोधन विधेयक-2026 का पारित नहीं होना कांग्रेस, TMC, DMK, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। यह दिन हमारे देश के लोकतंत्र के लिए एक काला अध्याय है।
करोड़ों बहनों का भरोसा टूटा: नड्डा
नड्डा ने कहा कि यह केवल एक बिल का गिरना नहीं है, बल्कि करोड़ों बहनों के उस भरोसे का टूटना है, जो उन्होंने एक बेहतर भविष्य के लिए संजोया था, जहां एक ओर हम महिलाओं को ‘शक्ति’ मानकर उनके सशक्तीकरण का सपना देख रहे हैं, वहीं विपक्ष की संकीर्ण सोच ने उनकी प्रगति की राह में दीवार खड़ी कर दी। यह उनके सपनों और उनके सामर्थ्य का अपमान है। नारी शक्ति का अपमान विपक्ष को बहुत भारी पड़ेगा! यह आक्रोश अब रुकने वाला नहीं है। 2029 के लोकसभा चुनाव से लेकर हर छोटे-बड़े चुनाव तक, देश की बहनें अपने सपनों को रौंदने वालों को कड़ा सबक सिखाएंगी। याद रखिए, शक्ति का यह क्रोध आपके राजनीतिक अंत की शुरुआत है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि महिलाओं के आरक्षण के लिए लाया गया संविधान संशोधन विधेयक जिस तरह गिरा है और जिस तरह कांग्रेस ने देश को बांटने के अपने एजेंडे को एक बार फिर पूर्जोर शब्दों में रखा। कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हुआ है।



