Google Analytics —— Meta Pixel

पंजाब में नशा, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था पर सियासी घमासान, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मांगा जवाब, AAP मंत्री बोले- गुजरात में नशे के कारोबार पर क्या कार्रवाई हुई ?

Shah Targets Punjab Government: पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या और दिरबा में एक पिता के दबाव में जहर खाने की घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद, संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। पंजाब सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें:- वायुसेना को मिलेगा जीसैट-7सी, नौसेना की ताकत बढ़ाएगा वरुणास्त्र, रक्षा क्षेत्र में भारत के बड़े कदम

शाह ने आगे कहा कि परविंदर के पिता ने पंजाब सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा। पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नशे के कारोबार पर प्रहार करना, युवाओं के भविष्य की रक्षा करना, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना और ऐसा कानून-व्यवस्था का माहौल बनाना होना चाहिए, जिसमें किसी भी नागरिक को भय के साये में न जीना पड़े।

नशा दीमक की तरह नौजवानों को खा रहा: तरुण चुघ

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने भी पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। संगरूर में उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात बेहद दुखद हैं और नशे के कारण गांवों-मोहल्लों में नौजवानों की मौत हो रही है। उन्होंने नशे की समस्या को दीमक की तरह बताते हुए कहा कि यह पंजाब की युवा पीढ़ी को खोखला कर रही है। आज पूरा पंजाब दहकते हुए शोलों पर है। आज हर मोहल्ले, गांव में नशे के कारण नौजवानों की मौत हो रही है। नशा दीमक की तरह पंजाब के नौजवानों को खा रहा है। हमारी पूरी पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा चुकी है और दूसरी तरफ कानून व्यवस्था पूरी तरह से हाशिये पर चला गया है। विशेल ब्लोअर को दबाया जा रहा है, मारा जा रहा है, कार्रवाई की जा रही है। पूरा पंजाब आक्रोशित है। लोग सड़कों पर हैं। लोगों को लग रहा है कि उन्हें सुरक्षा देने वाला कोई बचा नहीं है। सरकार से लोगों का विश्वास उठ गया है। पंजाब एक दहकते हुए ज्वालामुखी पर बैठा है। भाजपा वचनबद्ध है कि हमें मौका दीजिए और हम 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशा समाप्त करेंगे। (Shah Targets Punjab Government)

चुनाव आते ही भाजपा को पंजाब की याद आई: पायलट

शाह के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने चंडीगढ़ में कहा कि अभी चुनाव आ गए हैं तो भाजपा चाहती है कि यहां पर अपनी जमीन तलाशें। यह बात भी सच है कि जब भाजपा की अकाली दल के साथ सरकार थी, तब वो लोग भी जिम्मेदार थे और अभी 12 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है तो रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय क्या कर रहा है? पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए जो ड्रग्स आ रहे हैं, उसको रोकने के लिए क्या किया? ड्रग्स पर बोलना आसान है, लेकिन जब आपको जिम्मेदारी दी थी तो आप उसको पूरा नहीं कर पाएं और अब चुनाव से पहले उनको सब कुछ याद आ रहा है। यह सवाल जनता उनसे भी पूछ रही है।
पंजाब में पिछले कुछ समय से लगातार दिनदहाड़े बदमाश लोगों को गोलियां मार रहे हैं। कानून व्यवस्था खत्म हो चुका है। पंजाब में ऐसी कई सारी जगहें हैं, जहां पर दिनदहाड़े लोगों की हत्या की गई। मेरी कोशिश है कि पंजाब में उस हर घर तक पहुंचा जाए, जहां लोगों को गोली मारी गई, लोगों की हत्या की गई। यह देखा जाए कि उस हादसे के बाद कार्रवाई कहां तक हुई, लोगों को सजा मिली है या फिर नहीं। अगर अदालत जाना पड़े तो वहां भी जाएंगे।

गुजरात में नशे के कारोबार पर क्या कार्रवाई हुई ?: चीमा

उन्होंने मानसा में कहा कि पंजाब में खुलेआम नशे को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि यहां सभी लोग लाशों की राजनीति कर रहे हैं, जो व्यक्ति पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाता है, उसकी जान चली जाती है। कानून व्यवस्था का इससे बड़ा फेलियर नहीं हो सकता है। हम चाहते हैं कि लोगों को इंसाफ मिलना चाहिए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। फिल्लौर में उन्होंने कहा कि अमित शाह देश के गृह मंत्री हैं और गुजरात राज्य में जितना नशा आता है और वहां से कहां-कहां पहुंचाया जा रहा है, उन्हें सबसे पहले उसका खुलासा करना चाहिए। चाहे गुजरात हो, हरियाणा हो, राजस्थान हो, कई राज्य हैं, जहां भाजपा है और वहां बड़े स्तर पर नशे का व्यापार हो रहा है। यह पूरा देश देख रहा है। सचिन पायलट की 5 दिन की यात्रा, नशे और गैंगस्टर को लेकर मुकाबले पर उन्होंने कहा कि जब पंजाब के लोगों ने 2017 से लेकर 2022 तक कांग्रेस पार्टी को मौका दिया तो इन्होंने उस समय नशे को खत्म करने की बजाय पंजाब में नशा बड़े स्तर पर बढ़ाया।

विज्ञापन तक सीमित है आप सरकार: सांसद गुरजीत सिंह औजला

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी पंजाब सरकार पर निशाना साधा। मानसा में उन्होंने कहा कि AAP सरकार केवल विज्ञापन तक सीमित है। युद्ध नशा रोकने वालों के विरुद्ध चल रहा है। यहां का पूरा सिस्टम फेल है। पंजाब के मुख्यमंत्री कमजोर हैं। सरकार पर उनकी कोई पकड़ नहीं है। हम मुद्दों की राजनीति कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) एसपी वैद ने भी पंजाब में नशे के खिलाफ काम करने वाले व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क के खिलाफ काम करने वाले व्यक्ति की इस तरह हत्या होना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन पहले वो वीडियो देखा पंजाब में किस तरह से जो एक व्यक्ति ड्रग माफिया के खिलाफ काम कर रहा था, उसको दिन-दहाड़े आकर गोली मार दी तो यह अच्छा नहीं है, यह ऐसा होना ठीक नहीं है। एक तो उसकी आइडेंटिटी रिवील नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि इस मामले में चिंता जताना उचित है। वैद ने कहा कि मुझे लगता है अमित शाह जी ने जो बोला है, बिल्कुल सही है। (Shah Targets Punjab Government)

नशे के मुद्दे पर आमने-सामने राजनीतिक दल

पंजाब में नशे का कारोबार, गैंगस्टरवाद और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। भाजपा राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के मोर्चे पर घेर रही है। कांग्रेस ने भाजपा के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार दोनों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा शासित राज्यों में नशे के कारोबार का मुद्दा उठाया है। इन आरोपों के बीच सबसे अहम सवाल परविंदर सिंह झोटा की हत्या और दिरबा की घटना की निष्पक्ष जांच का है। गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब सरकार से जवाब मांगे जाने की बात भी सामने आई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित घटनाओं में जांच और कार्रवाई किस दिशा में आगे बढ़ती है तथा नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकारें क्या ठोस कदम उठाती हैं। पंजाब में नशे की समस्या का समाधान सिर्फ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क पर नियंत्रण, अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने से ही संभव होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!