आर्थिक बदहाली पर शहबाज शरीफ का बयान,कहा – मैं और आर्मी चीफ मुनीर दुनिया भर में मांग रहे भीख
Pakistan Economic Crisis : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश की बदहाल आर्थिक स्थिति को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। इस्लामाबाद में उद्योगपतियों और निर्यातकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि विदेशी दौरों के दौरान कर्ज और आर्थिक सहायता मांगते समय उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है।
यह भी पढ़े :- व्यापार एवं उद्योग मेला में अभिषेक तिवारी को “छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न” सम्मान
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि जब वह और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर विभिन्न देशों का दौरा कर आर्थिक मदद की अपील करते हैं, तो उनका सिर शर्म से झुक जाता है। उनका यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब पाकिस्तान गंभीर आर्थिक संकट (Pakistan Economic Crisis) से गुजर रहा है और बार-बार अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और मित्र देशों से सहायता लेने को मजबूर है। (Pakistan Economic Crisis)
शहबाज शरीफ ने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था कर्ज पर टिकी हुई है और विदेशी कर्ज के बदले कई बार कठोर और असंगत शर्तें स्वीकार करनी पड़ती हैं। उन्होंने माना कि इन शर्तों का सीधा असर आम जनता पर पड़ता है, जिसमें सब्सिडी में कटौती, कर वृद्धि और सामाजिक खर्च में कमी शामिल है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान को चीन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर से लगातार आर्थिक सहायता मिल रही है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) के तहत चीन ने अरबों डॉलर का निवेश किया है, जबकि खाड़ी देश तेल भुगतान में राहत और जमा राशि के जरिए पाकिस्तान को आर्थिक सहारा दे रहे हैं। इसके बावजूद देश पर सार्वजनिक कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है और कुछ ही वर्षों में यह लगभग दोगुना हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने गरीबी और बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की बड़ी आबादी आर्थिक तंगी से जूझ रही है। युवा वर्ग में बेरोजगारी बढ़ रही है और निर्यात आज भी सीमित क्षेत्रों तक सिमटा हुआ है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कर्ज वार्ताओं में सेना प्रमुख की सक्रिय भूमिका यह संकेत देती है कि पाकिस्तान में आर्थिक और नीतिगत फैसलों में सैन्य नेतृत्व की भूमिका प्रभावी बनी हुई है। इससे नागरिक शासन की स्वतंत्रता और नीति निर्धारण पर सवाल उठते हैं।
कुल मिलाकर, शहबाज शरीफ का यह बयान पाकिस्तान की गहराती आर्थिक संकट की वास्तविक तस्वीर पेश करता है। देश आज जिस स्थिति में है, वह वर्षों की नीतिगत असफलताओं, बढ़ते कर्ज और कमजोर आर्थिक संरचना का परिणाम मानी जा रही है।



