Google Analytics —— Meta Pixel

RSS के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सर्राफ का 93 साल की उम्र में निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

Shantaram Sarraf Passed Away: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सर्राफ का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। शांताराम ने बैंक की नौकरी छोड़कर स्वयं को पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया था। उन्होंने संघ में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वे सागर जिला प्रचारक, रायपुर विभाग प्रचारक, छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रथम प्रांत प्रचारक, मध्यक्षेत्र के प्रचार प्रमुख और सम्पर्क प्रमुख रहे। मृदुभाषी स्वभाव, घोष में शंख वादन और अच्छे गीत गायक के रूप में वे स्वयंसेवकों के बीच विशेष पहचान रखते थे। संघ कार्यकर्ताओं के बीच उनका वात्सल्यपूर्ण स्नेह और प्रेरणादायी जीवन सदैव याद किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ मेरा परिवार, मैं अपने परिवार से मिलने आया हूँ : मुख्यमंत्री विष्णु देव

शांताराम का अंतिम दर्शन शनिवार 06 सितंबर को सुबह 07.00 बजे से 10.00 बजे तक जागृति मंडल, गोविंद नगर, रायपुर में होगा। इसके बाद 10.30 बजे अंतिम यात्रा रवाना होगी और दोपहर 01.00 बजे हरिहर क्षेत्र मदकू द्वीप में अंत्येष्टि संपन्न होगी। संघ परिवार और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वरिष्ठ स्वयंसेवक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम सर्राफ के देवलोक गमन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और प्रेरणा का अद्वितीय उदाहरण रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शुभचिंतकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। (Shantaram Sarraf Passed Away)

डिप्टी CM विजय शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम ने अपना जीवन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को समर्पित किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय और प्रेरणादायी रहेगा। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य दें। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शांताराम जी का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा, संगठन के कार्य और अनुशासन के आदर्शों को जीने में समर्पित रहा। उन्होंने अपने विचार और व्यवहार से असंख्य स्वयंसेवकों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। (Shantaram Sarraf Passed Away)

कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वरिष्ठ स्वयंसेवक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम सर्राफ का समर्पित जीवन, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम सर्राफ का देवलोक गमन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। (Shantaram Sarraf Passed Away)

Back to top button
error: Content is protected !!