Google Analytics —— Meta Pixel

झीरम घाटी होते हुए रायपुर पहुंचे डिप्टी CM विजय शर्मा, इसी रास्ते पर कांग्रेस के टॉप लीडर्स समेत 30 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत

Sharma in Jheeram Valley: छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा के जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर अधिकारियों और बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय समेत जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गृहमंत्री शर्मा एक दिवसीय दौरे पर सुकमा पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट में नक्सल प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों के सरपंचों, जनपद सदस्यों और जिला पंचायत प्रतिनिधियों के साथ नक्सलवाद मुक्त बस्तर के निर्माण को लेकर व्यापक चर्चा की। बैठक की शुरुआत में शर्मा ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया और उनके क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें:- अंबेडकर जयंती पर विशेष: पिछड़े हुए समाज का नेता अगर सो जाएगा तो वो समाज कैसे आगे बढ़ेगा: डॉ. भीमराव

उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास की अपार संभावनाएं हैं और यहां के बच्चे अत्यंत प्रतिभाशाली हैं। नक्सलवाद के कारण विकास की प्रक्रिया बाधित होती है, जिसे समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। डिप्टी CM शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि जो नक्सलवाद की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा में आना चाहें, उनका पुनर्वास राज्य शासन की ओर से सुनिश्चित किया जाएगा। आत्मसमर्पित नक्सलियों को तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी और उन्हें 4-5 महीने के आवासीय कौशल प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा, जिसमें रहने-खाने की सुविधा के साथ-साथ 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। (Sharma in Jheeram Valley)

    

उन्होंने बताया कि नक्सलवाद मुक्त पंचायत घोषित होते ही संबंधित ग्राम पंचायत को 1 करोड़ रुपए की विकास निधि स्वीकृत की जाएगी। जनपद और जिला पंचायत सदस्यों को भी अलग से विकास कार्यों के लिए राशि दी जाएगी। साथ ही संबंधित गांवों को बस सेवा, मोबाइल नेटवर्क और बिजली कनेक्टिविटी से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने पंचायत पदाधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राहियों के पंजीयन के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि जनता के मन की बात को समझते हुए बस्तर को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करना। शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हम सभी मिलकर जल्द ही नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का सपना साकार करेंगे। (Sharma in Jheeram Valley)

बैठक में महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी, IG सुंदरराज पी., DIG कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, SP किरण चव्हाण, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद वे खराब मौसम और रात होने के चलते सड़क मार्ग से होते हुए रायपुर पहुंचे। इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा का काफिला झीरम घाटी से होकर गुजरा, जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बता दें कि झीरम घाटी को नक्सलियों का गढ़ माना जाता रहा है, जहां 25 मई 2013 को नक्सलियों ने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की ‘परिवर्तन रैली’ के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की हत्या कर दी थी। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 30 से ज्यादा कांग्रेस नेता और सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। (Sharma in Jheeram Valley)

देखें वीडियो

Back to top button
error: Content is protected !!