Google Analytics —— Meta Pixel

PM आवास पर आर-पार! प्रेस क्लब में भूपेश बघेल और विजय शर्मा की सीधी भिड़ंत

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (PM आवास) के आंकड़ों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में आमने-सामने बैठे। दोनों नेताओं ने PM आवास योजना से जुड़े आंकड़े सामने रखते हुए एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए।

दोनों नेताओं के बीच यह बहस PM आवास के आंकड़ों को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद हुई। सार्वजनिक मंच पर दोनों नेताओं की सीधी बहस को प्रदेश की राजनीति में खास घटनाक्रम माना जा रहा है।

विजय शर्मा ने रखे सरकार के आंकड़े

बहस के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना के तहत अब तक बड़ी संख्या में आवास पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 लाख 75 हजार आवास पूर्ण हो चुके हैं।

शर्मा ने दावा किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में करीब 3 लाख आवास स्वीकृत हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने बड़ी संख्या में नए आवासों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि साय सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि PM आवास योजना का राजनीतिकरण किया गया और आंकड़ों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। विजय शर्मा ने यह भी कहा कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में करीब 1 लाख 57 हजार PM आवास बनाए गए और कई स्वीकृत आवास वापस हो गए।

भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार के आंकड़ों पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने PM आवास योजना के आंकड़ों को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर सरकार की ओर से अलग-अलग आंकड़े बताए जा रहे हैं।

बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना के तहत पहले इंदिरा आवास योजना संचालित थी, जिसे बाद में PM आवास योजना का नाम दिया गया। उन्होंने रमन सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत और पूर्ण हुए आवासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2020-21 में एक लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए गए थे। बघेल के मुताबिक, वर्ष 2022-23 में केंद्र सरकार का पोर्टल बंद होने के कारण आवासों के लक्ष्य और स्वीकृति को लेकर स्थिति प्रभावित हुई।

बघेल ने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अलग-अलग चरणों में आवास स्वीकृत किए गए हैं और 11 सितंबर 2026 को भी 3 लाख 65 हजार आवास स्वीकृत किए गए। उनके मुताबिक, विभिन्न चरणों की स्वीकृतियों को मिलाकर प्रदेश में कुल स्वीकृत आवासों की संख्या करीब 46 लाख तक पहुंचती है।

‘आज दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा’

बहस के लिए प्रेस क्लब पहुंचे भूपेश बघेल ने कहा कि इस चर्चा से PM आवास के आंकड़ों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि वे बहस के लिए पूरी जानकारी के साथ पहुंचे हैं।

वहीं विजय शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय इस मुद्दे पर स्वस्थ चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मंचों पर PM आवास के आंकड़ों को लेकर बातें होती रही हैं, इसलिए एक बार सीधे संवाद के जरिए स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है।

आंकड़ों को लेकर लंबे समय से जारी है सियासी विवाद

PM आवास योजना को लेकर दोनों नेताओं के बीच पिछले कुछ समय से लगातार बयानबाजी होती रही है। विजय शर्मा ने भूपेश बघेल को किसी भी मंच पर आंकड़ों को लेकर बहस की चुनौती दी थी। इसके बाद बघेल ने भी चुनौती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक बहस पर सहमति जताई थी।

दोनों नेताओं ने बहस के दौरान अपने-अपने आंकड़े और दावे सामने रखे। अब इस बहस के बाद PM आवास योजना को लेकर दोनों पक्षों के दावों पर राजनीतिक चर्चा और तेज होने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!