शुभमन गिल बने गुजरात टाइटंस के नए कप्तान, हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस में हुए शामिल

Shubhman GT New Captain: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2024 में इस बार कई बदलाव देखने को मिलेंगे। दरअसल, शुभमन गिल गुजरात टाइटंस (GT) के नए कप्तान बनाए गए हैं। फ्रैंचाइजी ने सोमवार को इसका ऐलान किया। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के टीम छोड़ने की वजह से ये बदलाव हुआ है। हार्दिक अगले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेलते नजर आएंगे। MI ने भी इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। वहीं MI ने कैमरून ग्रीन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से ट्रेड कर दिया है।

यह भी पढ़ें:- दूसरे T20 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रन से हराया, सीरीज में 2-0 से बनाई बढ़त 

बता दें कि गिल IPL 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर थे। गिल ने 7 मैचों में 59.33 की औसत से 890 रन बनाए थे। 24 साल के गिल ने साल 2018 में IPL डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक कुल 91 मैचों में 2790 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस की टीम IPL में पहली बार 2022 सीजन में उतरी। टीम ने हार्दिक की कप्तानी में पहले सीजन में ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 2023 के सीजन में भी गुजरात की टीम फाइनल में पहुंची, जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था। इतनी कामयाबी के बावजूद गुजरात की टीम और पंड्या का साथ छूटना फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को हैरान कर रहा है। (Shubhman GT New Captain)

पंड्या ने IPL के पिछले दो सीजन में अपनी कप्तानी क्षमता साबित कर दी है। साथ ही वे भारत की व्हाइट बॉल टीम के भी अगले रेगुलर कप्तान के तौर पर देखे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस हार्दिक को टीम का कप्तान बना सकती है। हालांकि रोहित शर्मा से कप्तानी छीनने का फैसला आसान नहीं होगा। रोहित ने मुंबई को पांच बार चैंपियन बनाया है। हाल ही में खत्म हुए वनडे वर्ल्ड कप में भी उनकी कप्तानी की जमकर तारीफ हुई है। हार्दिक पंड्या ने अपने IPL करियर की शुरुआत 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी। उनकी मौजूदगी में मुंबई ने 4 IPL खिताब जीते। (Shubhman GT New Captain)

हार्दिक 2021 तक मुंबई इंडियंस में रहे। इसके बाद चोटिल हुए और जब वापसी की तो गेंदबाजी नहीं कर रहे थे। मुंबई ने उन्हें 2022 में रिलीज कर दिया। तब से दो सीजन वे गुजरात टाइटंस के कप्तान रहे। हार्दिक पंड्या की वापसी से मुंबई इंडियंस की टीम काफी खुश है। नीता अंबानी ने कहा कि हम हार्दिक का घर वापसी पर स्वागत करते हुए रोमांचित हैं। यह हमारे मुंबई इंडियंस परिवार के साथ एक हार्दिक पुनर्मिलन है। मुंबई इंडियंस की युवा खोजी प्रतिभा से लेकर अब टीम इंडिया के स्टार बनने तक हार्दिक ने एक लंबा सफर तय किया है और हम उनके और मुंबई इंडियंस के लिए भविष्य के बारे में उत्साहित हैं। (Shubhman GT New Captain)

आकाश अंबानी ने कहा कि हार्दिक को मुंबई इंडियंस में वापस देखकर मुझे बहुत खुशी होती है। यह एक सुखद घर वापसी है। वह जिस भी टीम में खेलते हैं उसे बेहतरीन संतुलन प्रदान करते हैं। MI परिवार के साथ हार्दिक का पहला कार्यकाल बेहद सफल रहा, और हमें उम्मीद है कि वह अपने दूसरे कार्यकाल में और भी अधिक सफलता हासिल करेंगे। हार्दिक रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमरा, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन के साथ खेलते नजर आएंगे। इसके लिए मुंबई इंडियंस के फैंस काफी उत्साहित है। (Shubhman GT New Captain)

Related Articles

Back to top button