Google Analytics —— Meta Pixel

तहसीलदारों की हड़ताल पर समाधान के संकेत, सचिव स्तर पर जारी चर्चा: टंकराम वर्मा राजस्व मंत्री

रायपुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर में चल रही तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल को लेकर समाधान की उम्मीद जगी है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सचिव स्तर पर लगातार चर्चा जारी है। जल्द ही सकारात्मक समाधान निकलने की संभावना है।

राजस्व मंत्री के सरकारी निवास पर कनिष्ठ प्रशासनिक संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी भी मौजूद रहीं। इस दौरान तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें और आपत्तियां सरकार के समक्ष रखीं।

सीतापुर घटना के बाद आंदोलन तेज

गौरतलब है कि सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेश के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल तथा सामूहिक अवकाश पर हैं। राजस्व अधिकारियों की मांग है कि मामले के मुख्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज राजस्व अधिकारियों ने सोमवार से प्रदेशव्यापी कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है, जिससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सचिव स्तर पर जारी है संवाद

मीडिया से चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग की सचिव तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद कर रही हैं। उन्होंने कहा, “राजस्व सचिव संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे हैं। जो भी स्थिति बनी है, उसका समाधान निकाला जाएगा। तहसील अधिकारी जल्द काम पर लौटेंगे और व्यवस्था सामान्य होगी।”

विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सूत्रों के अनुसार, तहसीलदार संघ सीतापुर घटना में संबंधित विधायक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संघ के प्रतिनिधि लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। हालांकि, मंत्री टंकराम वर्मा ने स्पष्ट किया कि उनकी संघ से प्रत्यक्ष बातचीत नहीं हुई है, लेकिन सचिव स्तर पर चल रही चर्चा के जरिए जल्द ही गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद है।

अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री

राजस्व मंत्री ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार सभी वर्गों के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ है। सभी के साथ न्याय होगा और हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।”

रमन सिंह की फटकार पर भी दी प्रतिक्रिया

बेमेतरा के सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाने के वायरल वीडियो पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि डॉ. रमन सिंह अनुभवी और सुलझे हुए नेता हैं।

उन्होंने कहा, “अतिथियों की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं होनी चाहिए थीं। विधानसभा अध्यक्ष ने परिस्थितियों को देखकर अपनी बात रखी है। इस विषय पर मैं अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन उन्होंने जो कहा, वह परिस्थितियों के अनुरूप था।”

योजनाओं में बाधा डालने वालों पर सख्ती जरूरी

राजस्व मंत्री ने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न होने पर स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना उचित है।

उन्होंने कहा, “जब शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अड़चन आती है, तब माहौल प्रभावित होता है। यदि कोई अधिकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ सख्ती या कार्रवाई करना जायज है।”

फिलहाल सरकार और तहसीलदार संघ के बीच बातचीत का दौर जारी है। अब प्रदेशभर की निगाहें सचिव स्तर पर चल रही चर्चा के परिणाम पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सहमति कब बनती है और आंदोलनरत अधिकारी अपने कार्य पर कब लौटते हैं।

यह भी पढ़े :- बेमेतरा विवाह समारोह की अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री का स्पष्टीकरण, बोले- मेरी सहमति से बदला गया था आयोजन स्थल

Back to top button
error: Content is protected !!