Google Analytics —— Meta Pixel

‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ की आवाज हुई खामोश, दिग्गज गायिका सुमन कल्याणपुर का 89 साल की उम्र में निधन

Singer Suman Kalyanpur Death: पद्मभूषण से सम्मानित दिग्गज पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार शाम मुंबई में 89 साल की आयु में निधन हो गया। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही सुमन कल्याणपुर ने रात करीब 8 बजे अंतिम सांस ली। उनकी करीबी दोस्त मंगला खाडिलकर के मुताबिक जीवन के अंतिम दिनों में वह अपने ही गाए हुए गीत सुन रही थीं और बेहद शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह गईं। परिवार में उनकी बेटी चारू हैं। साल 2023 में उन्हें भारत सरकार की ओर से पद्मभूषण सम्मान से नवाजा गया था। भारतीय फिल्म संगीत जगत में सुमन कल्याणपुर का नाम उन चुनिंदा गायिकाओं में शुमार किया जाता है, जिन्होंने अपनी मधुर और सधी हुई आवाज के दम पर एक अलग पहचान बनाई। उनकी आवाज की तुलना अक्सर लता मंगेशकर से की जाती थी। 

यह भी पढ़ें:- देश में 1 जून से लागू हुए ये 4 बड़े बदलाव, आम लोगों से लेकर कारोबारियों पर पड़ेगा असर, पढ़ें पूरी खबर

संगीत प्रेमियों के बीच कई बार दोनों की आवाज को लेकर भ्रम की स्थिति भी बन जाती थी। बावजूद इसके सुमन कल्याणपुर ने हमेशा अपनी अलग शैली और गायकी के जरिए श्रोताओं के दिलों में विशेष स्थान बनाए रखा। 28 जनवरी 1937 को तत्कालीन पूर्वी बंगाल के ढाका (वर्तमान बांग्लादेश) में जन्मीं सुमन का बचपन का नाम सुमन हेम्मडी था। उनके पिता शंकर राव हेम्मडी मूल रूप से कर्नाटक के मेंगलोर के सारस्वत ब्राह्मण परिवार से थे। बचपन से ही उन्हें संगीत और चित्रकला में रुचि थी। पड़ोसी और प्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित केशव राव भोले ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उनके पिता को संगीत की शिक्षा दिलाने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने उस्ताद खान अब्दुल रहमान खान और मास्टर नवरंग जैसे दिग्गजों से संगीत की बारीकियां सीखीं।

सुमन कल्याणपुर को साल 1953 में मराठी फिल्म “शुक्राची चांदनी” के लिए पहला गीत गाने का अवसर मिला। इसके बाद 1954 में हिंदी फिल्म “मंगू” के लिए उन्होंने लोरी रिकॉर्ड की। उनका पहला युगल गीत प्रसिद्ध गायक तलत महमूद के साथ था। आगे चलकर उन्होंने मोहम्मद रफ़ी, मुकेश, किशोर कुमार, आशा भोसले, मन्ना डे और महेंद्र कपूर समेत कई दिग्गज कलाकारों के साथ गीत गाए। साल 1958 में उनकी शादी रामानंद कल्याणपुर से हुई, जिसके बाद वे सुमन कल्याणपुर के नाम से जानी गईं। 1960 और 1970 के दशक में सुमन कल्याणपुर ने अपने करियर के स्वर्णिम दौर का अनुभव किया। उस समय लता मंगेशकर जैसी महान गायिका के होते हुए भी उन्होंने संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके गाए गीत “आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे”, “ना ना करते प्यार तुम्हीं से कर बैठे”, “तुमने पुकारा और हम चले आए”, “न तुम हमें जानो, न हम तुम्हें जानें”, “मेरा प्यार भी तू है” और “छोड़ दे सारी दुनिया किसी के लिए” आज भी संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं।

सुमन कल्याणपुर ने हिंदी और मराठी के अलावा असमिया, गुजराती, कन्नड़, मैथिली, भोजपुरी, राजस्थानी, बंगाली, ओडिया और पंजाबी सहित 11 भाषाओं में तीन हजार से अधिक फिल्मी और गैर-फिल्मी गीतों को अपनी आवाज दी। यही वजह है कि उन्हें भारतीय संगीत जगत की सबसे बहुमुखी गायिकाओं में गिना जाता है। उनकी आवाज का लता मंगेशकर से साम्य उनके करियर का सबसे चर्चित पहलू रहा। 1960 के दशक में जब मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर के बीच रॉयल्टी को लेकर विवाद हुआ, तब कई संगीतकारों ने रफी के साथ युगल गीतों के लिए सुमन कल्याणपुर को चुना। इस दौरान उन्होंने रफी के साथ कई सुपरहिट गीत दिए। हालांकि सुमन हमेशा कहती थीं कि वह लता मंगेशकर से बेहद प्रभावित थीं और उनकी तुलना को कभी प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं देखती थीं। (Singer Suman Kalyanpur Death)

अपने जीवन के एक चर्चित दावे में सुमन कल्याणपुर ने कहा था कि देशभक्ति गीत ऐ मेरे वतन के लोगों मूल रूप से उनके लिए तैयार किया गया था और वह इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सामने गाने वाली थीं। उनके अनुसार अंतिम समय में यह गीत लता मंगेशकर को दे दिया गया, जिसका उन्हें जीवन भर मलाल रहा। सुमन कल्याणपुर अपने संकोची और निजी स्वभाव के लिए भी जानी जाती थीं। मशहूर रेडियो उद्घोषक अमीन सयानी को उनका इंटरव्यू लेने के लिए लगभग 45 सालों तक इंतजार करना पड़ा था। आखिरकार साल 2005 में उन्होंने एक घंटे का विशेष इंटरव्यू देने की सहमति दी थी। सुमन कल्याणपुर के निधन से भारतीय संगीत जगत के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया है। अपनी मधुर आवाज, हजारों गीतों और संगीत के प्रति समर्पण के जरिए उन्होंने जो विरासत बनाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी। (Singer Suman Kalyanpur Death)

Back to top button
error: Content is protected !!