Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा में रिश्तों का कत्ल, जेठ ने छोटे भाई की पत्नी की गला दबाकर कुल्हाड़ी से की हत्या, शक और पारिवारिक रंजिश में ली जान

Sister in Law Murder: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पारिवारिक विवाद और शक के चलते हत्या का मामला सामने आया है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के मोहगांव में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला का सिर दीवार पर पटका और गला दबाया, फिर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर गांव के पास नहर किनारे छिप गया था। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक 2 नवंबर को मोहगांव के बीरसिंह निषाद ने अपनी पत्नी हेमलता निषाद (20 साल) की हत्या की सूचना पुलिस को दी। उसने अपने बड़े भाई देवसिंग निषाद (30 साल) पर हत्या का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मौजूदगी में मौके से खून के निशान, टूटी हुई चूड़ियां और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देवसिंग निषाद को हेमलता के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी ने पहले महिला का सिर दीवार पर पटका और गला दबाया। इसके बाद टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया है। (Sister in Law Murder)

नहर किनारे छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

हत्या के बाद आरोपी गांव से लगे नहर किनारे जाकर छिप गया था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी के नहर किनारे छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया टंगिया और खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी देवसिंग निषाद पूर्व में भी मृतिका के साथ छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कबीरधाम जिले के मोहगांव में हुई इस घटना ने पारिवारिक विवाद के हिंसक रूप लेने और उसके गंभीर परिणामों को एक बार फिर सामने ला दिया है। (Sister in Law Murder)

Back to top button
error: Content is protected !!