Google Analytics —— Meta Pixel

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

Mishra Meet Amit Shah: उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मौके पर विधायक मिश्रा ने गमछा पहनाकर उनका अभिनंदन और स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर केंद्रीय गृहमंत्री का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में किए गए ऐतिहासिक कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने देशभर में आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और विकास के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

यह भी पढ़ें:- Gold Price Crash: सोना अभी 11% तक और हो सकता है सस्ता! नोमुरा ने जताई बड़ी गिरावट की आशंका

विशेष रूप से नक्सलवाद के विरुद्ध केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखने के प्रयासों को सराहनीय बताया। मुलाकात के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की मोदी की गारंटी केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। यह परिवर्तनशील भारत की नई तस्वीर है, जहां विकास के साथ राष्ट्रीय गौरव और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। (Mishra Meet Amit Shah)

अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम: मिश्रा

विधायक मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की कल्पना की थी, उसे साकार करने और संवारने का संकल्प आज निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारा संकल्प है- हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के विकास, समृद्धि और जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। नक्सलवाद जैसी दशकों पुरानी चुनौती के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन रहा है। 31 मार्च 2026 में जिस नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का सपना देखा था वह साकार हुआ।

धारा 370 हटाने का निर्णय ऐतिहासिक: मिश्रा

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय हो, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो, देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने का अभियान हो या छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त कराने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन निर्णयों ने भारत की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लगातार आमजन तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े। (Mishra Meet Amit Shah)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ

विधायक मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन ‘विकसित भारत 2047’ को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। राष्ट्रहित, जनहित और सुशासन के संकल्प के साथ केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। निश्चित ही आने वाला समय विकसित, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत का होगा। इस मुलाकात में गुजराती समाज के कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने सहभागिता की। (Mishra Meet Amit Shah)

इन्होंने ने की अमित शाह से मुलाकात

प्रतिनिधिमंडल में विश्राम भाई छाभैया, वेलजी भाई रुडाणी, जयंती भाई छाभैया, लिलाधर भाई भगत, हरमुख भाई पटेल, देवजीभाई पटेल, जयंती पटेल, सूर्यकान्त भाई पदमाणी, दलपत भाई हलपाणी, चन्दू भाई नाकराणी, हिम्मत भाई छाभैया, तिलक भाई छाभैया, मुकेश पदमाणी, अम्बालाल धोनू, दिनेश भाई कनानी, ईश्वर भाई रुडाणी और प्रीतेश गांधी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रसेवा, आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद के उन्मूलन और विकसित भारत के निर्माण के लिए उनके नेतृत्व में हो रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। (Mishra Meet Amit Shah)

Back to top button
error: Content is protected !!