Google Analytics —— Meta Pixel

गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब ढहा, 15 लोग मलबे में दबे… रेस्क्यू जारी

Gandhinagar News : गुजरात के गांधीनगर में बुधवार रात निर्माणाधीन इमारत का स्लैब अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया। कुडासन इलाके के पास स्थित बोस्की द एम्पायर में हुए हादसे के बाद करीब 15 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने अब तक चार मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मलबा हटाकर अन्य मजदूरों की तलाश की जा रही है। प्रशासन की टीमें पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। (Gandhinagar News )

क्रेन गिरने के बाद स्लैब ढहने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान एक क्रेन गिरने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि क्रेन गिरने के बाद इमारत का बड़ा स्लैब ढह गया। हादसे के समय इमारत में वेल्डिंग का काम चल रहा था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, भीड़ को हटाया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभाली। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों को दूर हटाया, ताकि राहत एवं बचाव अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने लिया जायजा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया और अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी ली। मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

हादसे के बाद निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की जांच में निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और क्रेन के संचालन समेत अन्य पहलुओं को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। (Gandhinagar News )

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर राजस्व अधिकारियों के तबादले, 57 तहसीलदार-नायब तहसीलदार इधर से उधर

Back to top button
error: Content is protected !!