Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 13 की मौत, 20 राज्यों में इमरजेंसी, 10 लाख घरों की बिजली गुल

Snow Storm in America: अमेरिका में रविवार को आए भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राजधानी वॉशिंगटन डीसी समेत 20 राज्यों में इमरजेंसी घोषित कर दी है। तूफान के चलते करीब 10 लाख घरों और व्यवसायों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जबकि अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के मुताबिक यह बर्फीला तूफान करीब 3,220 किलोमीटर के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। इसकी चपेट में अमेरिका की कुल आबादी का लगभग दो-तिहाई हिस्सा यानी 21 करोड़ लोग आ चुके हैं।

यह भी पढ़ें:- इंदौर से छत्तीसगढ़ तक नकली दवाओं का बड़ा रैकेट उजागर, करोड़ों की खेप खपाने का खुलासा

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के मुताबिक शुक्रवार से अब तक 31,000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इनमें से 18,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई, जबकि अकेले रविवार को 10,800 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल की गई। एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि खराब मौसम के कारण फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी की समस्या कई दिनों तक बनी रह सकती है। एयरलाइंस ने सोमवार के लिए भी देशभर में 2,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी हैं। रविवार को अटलांटा के हार्ट्सफील्ड-जैक्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें रद्द होने के बाद भारी भीड़ देखी गई। (Snow Storm in America)

तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य टेनेसी है, जहां रविवार दोपहर तक करीब 3.37 लाख घरों और व्यवसायों में बिजली नहीं थी। लुइसियाना और मिसिसिपी में 1 लाख से ज्यादा घर अंधेरे में हैं, जबकि केंटकी, जॉर्जिया, अलबामा और वेस्ट वर्जीनिया में भी लाखों लोग बिना बिजली के हैं। बर्फबारी और बर्फीली बारिश से पेड़ और बिजली की लाइनें टूट गई हैं। टिप्पाह इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने कहा है कि नुकसान काफी बड़ा है और पूरी तरह बिजली बहाल होने में कई हफ्ते लग सकते हैं। टेनेसी वैली अथॉरिटी ने बताया कि मुख्य पावर सिस्टम स्थिर है, लेकिन कई इलाकों में अब भी दिक्कतें बनी हुई हैं। (Snow Storm in America)

अमेरिका इस समय भीषण ठंड और पोलर वोर्टेक्स की चपेट में है। कनाडा सीमा से सटे इलाकों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर गया है। वॉटरटाउन में तापमान -37°C दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में -45°C तक पहुंच गया। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य को सालों की सबसे लंबी ठंड और सबसे ज्यादा बर्फबारी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसे हड्डियों को जमा देने वाली ठंड बताया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पोलर वोर्टेक्स के दक्षिण की ओर खिसकने से अमेरिका में यह चरम ठंड पड़ी है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि इस दौरान बिना तैयारी घर से बाहर निकलना जानलेवा हो सकता है।

एयर इंडिया ने न्यूयॉर्क की उड़ानें की रद्द

5 से 7 मिनट में फ्रॉस्टबाइट या हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। त्वचा जमने की आशंका होती है। गाड़ियां स्टार्ट न होने जैसी समस्याएं होती है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि जब तक बेहद जरूरी न हो, घर के भीतर ही रहें। तूफान के चलते एयर इंडिया ने 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने और जरूरत पड़ने पर टिकट कैंसिल या रीशेड्यूल करने की सलाह दी है। इमरजेंसी घोषित राज्यों में नेशनल गार्ड और रेस्क्यू टीमों को तैनात कर दिया गया है। न्यूयॉर्क में बर्फ हटाने के लिए 1,600 से ज्यादा स्नो प्लो मशीनें और 1,14,000 टन नमक तैयार रखा गया है। (Snow Storm in America)

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ने बताया कि 2 इंच बर्फ जमते ही हजारों सैनिटेशन वर्कर्स, 700 नमक स्प्रेडर और 2,200 स्नो प्लो तैनात किए जाएंगे। सबवे और बस सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन लोगों से घर पर रहने की अपील की गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनकी सरकार राज्य और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हालात से निपट रही है। FEMA ने 30 सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को स्टैंडबाय पर रखा है। इसके अलावा 70 लाख खाने के पैकेट, 6 लाख कंबल और 300 जनरेटर पहले से तैनात किए गए हैं। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा- हमारी टीम पूरी तरह तैयार है। FEMA राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!