Google Analytics —— Meta Pixel

इंदौर से छत्तीसगढ़ तक नकली दवाओं का बड़ा रैकेट उजागर, करोड़ों की खेप खपाने का खुलासा

Counterfeit Drug Racket: मध्यप्रदेश के इंदौर से छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में फर्जी बिलों के सहारे नकली दवाइयों की सप्लाई करने का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि अब तक नकली दवाइयों की 7 खेप ट्रांसपोर्ट की गई, जिनमें से 6 खेप पहले ही बाजार में खपाई जा चुकी है। इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश चार स्पेशल अफसरों की जांच के बाद हुआ है। जांच के दौरान इंदौर, रायपुर, बलौदाबाजार और सारंगढ़ जिले में सक्रिय ड्रग माफिया के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। प्रारंभिक आकलन में करोड़ों रुपए की नकली दवाइयों के अवैध कारोबार की पुष्टि हुई है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में पिटबुल का आतंक, भुगतान लेने पहुंचे युवक पर हमला, अवैध रूप से पाले जाने की बात आई सामने

जांच में सामने आया है कि इंदौर के बिजासन मेडिकल स्टोर से भाठापारा की प्रेम प्रकाश एजेंसी को 4 बार और सारंगढ़ के सरस्वती मेडिकल स्टोर को 3 बार फर्जी बिलों के सहारे दवाइयां भेजी गई। ट्रांसपोर्ट के दौरान गाड़ियों में एंटीबायोटिक जैसी गंभीर दवाइयां लोड की जाती थी, लेकिन बिलों में उन्हें दर्द निवारक दवाइयों के रूप में दिखाया जाता था। इन खेपों में कई दवाइयां पूरी तरह नकली पाई गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस रैकेट का खुलासा ड्रग इंस्पेक्टर्स की मिलीभगत के बाद हुआ। 7वीं खेप में करीब 50 लाख रुपए की बिना लाइसेंस वाली दवाइयां पकड़ी गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सिर्फ 2.24 लाख रुपए की ही जब्ती दिखाई गई। बाकी दवाइयों को कारोबारी के घर में छिपा दिया गया।

चार ड्रग इंस्पेक्टर्स को कारण बताओ नोटिस

जब गोदाम का वीडियो सामने आया, तब दोबारा जांच शुरू हुई, जिसमें कारोबारियों के तार सीधे इंदौर से जुड़े पाए गए। मामले का खुलासा होने के बाद रायपुर और रायगढ़ के 4 ड्रग इंस्पेक्टर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें रायपुर के ईश्वरी नारायण सिंह, नीरज साहू और रायगढ़ के अमित राठौर, विजय राठौर शामिल हैं। आरोप है कि इन अधिकारियों ने लाखों रुपए की दवाइयों की सही जब्ती नहीं की और सिर्फ 2.24 लाख की औपचारिक जब्ती दिखाकर मामले को दबाने की कोशिश की। पोल खुलने के बाद संबंधित ड्रग इंस्पेक्टर आगे की कार्रवाई में उपस्थित नहीं रहे। छापेमारी के दौरान गोदाम के सभी कमरों और हिस्सों की ठीक से तलाशी भी नहीं ली गई। इन्हीं गंभीर लापरवाहियों के चलते चारों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। (Counterfeit Drug Racket)

ग्रामीण इलाकों में खपाई जा रही थी नकली दवाइयां

जांच में मिले दस्तावेजों के अनुसार अब तक 7 खेपों में 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकली दवाइयां छत्तीसगढ़ लाई गई। इनमें दर्द निवारक और एंटीबायोटिक जैसी दवाइयां शामिल हैं। दवाइयों को दो-चार कार्टून में अलग-अलग मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाकर ग्रामीण क्षेत्रों में खपाया जा रहा था, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा था। गोल्डन ट्रांसपोर्ट के मैनेजर से मिले दस्तावेजों से पुष्टि हुई कि ट्रांसपोर्ट के दौरान दवाइयों के बिल बदले जाते थे। 7वीं खेप में करीब 200 प्रकार की दवाइयां पाई गई, लेकिन नियमों को दरकिनार करते हुए सिर्फ 4 दवाओं के ही सैंपल लिए गए। इनमें Afenec Plus (दर्द और सूजन) और Amoxy, Cefixime, Azithro (एंटीबायोटिक्स) दवाइयां शामिल थी। (Counterfeit Drug Racket)

इंदौर से लौटते ही दुकान मिली खाली

जांच टीम जब इंदौर से लौटकर भाठापारा की प्रेम प्रकाश एजेंसी पर छापेमारी करने पहुंची तो दुकान पूरी तरह खाली मिली। वहीं एक अन्य एजेंसी ने लिखित में दिया कि वह अब दवा का कारोबार नहीं कर सकती। खाद्य औषधि नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट आ चुकी है। संबंधित फर्मों से जवाब मांगा गया है, जिन ड्रग इंस्पेक्टर्स को नोटिस जारी हुआ है। अगर उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकली दवाओं का यह खेल सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि आम लोगों की सेहत और जान से जुड़ा गंभीर मामला है। इंदौर से छत्तीसगढ़ तक फैले इस नेटवर्क ने सिस्टम की कमजोरियों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद दोषियों पर वास्तव में सख्त कार्रवाई होती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस पूरे रैकेट से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!