रायपुर में पिटबुल का आतंक, भुगतान लेने पहुंचे युवक पर हमला, अवैध रूप से पाले जाने की बात आई सामने

Pitbull Attack in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अनुपम नगर इलाके से पालतू कुत्ते के हमले की एक और गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक मकान में अवैध रूप से पाले गए पिटबुल कुत्ते ने भुगतान लेने पहुंचे एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिंताजनक बात यह है कि पिछले 15 दिनों के भीतर रायपुर में डॉग बाइट की यह तीसरी बड़ी घटना है। जानकारी के मुताबिक युवक किसी काम के भुगतान के सिलसिले में अनुपम नगर स्थित एक मकान पहुंचा था। जैसे ही वह घर के अंदर गया, वहां मौजूद पिटबुल कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:- जशक्राफ्ट को मिला राष्ट्रीय पहचान का नया मंच, देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर मिलेंगे महिलाओं के बनाए उत्पाद
कुत्ते ने युवक के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गहराई तक काट लिया, जिससे बहुत ज्यादा रक्तस्राव हुआ। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही पिटबुल कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। कुछ दिन पहले इस कुत्ते ने एक डिलीवरी बॉय और एक महिला को भी निशाना बनाया था। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद कुत्ते के मालिक ने कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। (Pitbull Attack in Raipur)

नियमों के खिलाफ पिटबुल पालना
बता दें कि पिटबुल जैसी खतरनाक नस्ल को पालना मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित है। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति ने कुत्ते को अवैध रूप से पाला और बिना किसी सुरक्षा उपाय के खुले में रखा। स्थानीय लोगों और पीड़ित का कहना है कि न तो घर के बाहर चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही आने-जाने वालों को किसी प्रकार की जानकारी दी गई थी। घायल युवक के परिजनों ने प्रशासन से कुत्ते के मालिक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतिबंधित नस्ल को पालना और उसे खुले में छोड़ना कानून का उल्लंघन है और आम नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
शहर में बढ़ती डॉग बाइट की घटनाएं
रायपुर में आवारा कुत्तों के साथ-साथ पालतू कुत्तों के हमलों की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। इससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन की ओर से नियमों का सख्ती से पालन और नियमित निगरानी नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं भविष्य में और बढ़ सकती हैं। इलाके के लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से प्रतिबंधित कुत्तों की नस्लों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। (Pitbull Attack in Raipur)



