दीए और मोमबत्ती पर पैसा बर्बाद मत करो…क्रिसमस से सीखो: सपा प्रमुख अखिलेश यादव

SP Chief Akhilesh Yadav: दीपावली को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव के बयान ने सियासत गरमा गई है। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उन्होंने दीपावली और क्रिसमस की तुलना की। साथ ही दियों और मोमबत्तियों पर होने वाले खर्च को फिजूलखर्ची बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि मैं भगवान श्रीराम के नाम पर एक सुझाव देना चाहता हूं। देखिए दुनिया में इस समय क्रिसमस का समय आता है, पूरा शहर महीनों तक जगमगाता है। उन्हीं से कुछ सीख लेना चाहिए। क्यों हर बार दियों और मोमबत्तियों पर फिजूल खर्च करना ? इस सरकार से क्या उम्मीद कीजिएगा! इस सरकार को हटाइए। हम जब आएंगे तो बहुत सुंदर रोशनी कराएंगे।
यह भी पढ़ें:- दिवाली पर मुकेश अंबानी पर बरसी मां लक्ष्मी की कृपा, रिलायंस को कुछ मिनटों में मिला 67 हजार करोड़ का फायदा
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष राम को मानता ही नहीं। उन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थी। उन्होंने अयोध्या को रक्तरंजित किया। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भारत की आस्था का सम्मान है। यह एक नए, अखंड और श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है। अगर भारत अखंड रहेगा तो हमें दीपोत्सव को उसी उत्साह और उमंग के साथ मनाने का अवसर मिलता रहेगा। CM योगी ने कहा कि दीपावली न सिर्फ एक त्योहार है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक है, जिसे कोई भी नकार नहीं सकता। (SP Chief Akhilesh Yadav)
BJP ने साधा निशाना
वहीं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राय ने कहा कि अखिलेश यादव को दीपावली में दियों से भी समस्या है, लेकिन क्रिसमस अच्छा लगता है। दियों की बिक्री से प्रजापति समाज, ग्रामीण कुम्हार और किसानों को रोजगार मिलता है। अब ये कहना चाहते हैं कि हिंदुओं को दीपावली पर दीये नहीं जलाने चाहिए। ऐसे हिंदू विरोधी मानसिकता वाले नेताओं को जनता जल्द ही वोट की ताकत से जवाब देगी। बीजेपी ने कहा कि अखिलेश यादव की सोच भारत की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्थाओं के खिलाफ है और उन्होंने सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए एक पवित्र पर्व का अपमान किया है। इस पर सपा समर्थकों ने कहा कि अखिलेश यादव का मकसद सिर्फ सरकारी खर्च और खराब नीतियों की आलोचना करना था, न कि किसी धर्म विशेष का अपमान।



