Google Analytics —— Meta Pixel

18 दिसंबर पर विशेष: सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष और सतनाम पंथ की स्थापना

शकुंतला तरार रायपुर Special on December 18: भारतीय संत परंपरा ने सदियों से समाज को बाहरी आडंबरों, जाति-पाति और धार्मिक कट्टरता से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया है। इसी परंपरा में कबीर, नानक, मीरा बाई, नामदेव, रविदास और सूरदास जैसे संतों ने अपनी वाणी से जनचेतना को जागृत किया। छत्तीसगढ़ की इसी गौरवशाली संत परंपरा के महान युगप्रवर्तक संत गुरु घासीदास बाबा हैं, जिन्होंने सतनाम पंथ की स्थापना कर समाज को मानवता, समानता और कर्म की महत्ता का मार्ग दिखाया।

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राज्य स्तरीय ओपन फिटनेस रन का आमंत्रण

संत गुरु घासीदास बाबा का जन्म छत्तीसगढ़ के  गिरौदपुरी में हुआ, जिस समय उनका अवतरण हुआ, उस दौर में छत्तीसगढ़ शिक्षा और सामाजिक चेतना की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा हुआ क्षेत्र था। शिक्षा केवल उच्च वर्ग और संपन्न परिवारों तक सीमित थी। किसान, श्रमिक, हरिजन और आदिवासी वर्ग शिक्षा से वंचित थे। छुआछूत, ऊंच-नीच, कुरीतियां और सामाजिक रूढ़ियाँ समाज पर हावी थी। निम्न वर्ग के बच्चों को उच्च वर्ग के साथ बैठकर पढ़ने की अनुमति नहीं थी। दलित, पीड़ित और शोषित समाज मानसिक और सामाजिक रूप से जकड़ा हुआ था। ऐसे समय में गुरु घासीदास बाबा का हृदय समाज की इस दुर्दशा से द्रवीभूत हो उठा और उन्होंने दलितों तथा वंचितों के उद्धार का संकल्प लिया।

सतनाम पंथ की स्थापना

सामाजिक अन्याय और असमानता के विरुद्ध आवाज उठाते हुए संत गुरु घासीदास बाबा ने सतनाम पंथ की स्थापना की। उनके उपदेश किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं थे, बल्कि समस्त मानव समाज और विश्व स्तर पर सभी धर्मावलंबियों को प्रभावित करने वाले थे। यही कारण है कि आज उनके अनुयायियों की संख्या लाखों में है। (Special on December 18)

कर्म की प्रधानता का संदेश

गुरु घासीदास बाबा ने स्पष्ट रूप से कहा कि न कोई जन्म से ऊंचा है और न कोई नीचा। मनुष्य का स्थान उसके कर्म और आचरण से निर्धारित होता है, न कि जाति या कुल से। उनके अनुसार “न कोई जन्मना ऊंचा, न नीचा है, विभाजन कर्म की रेखा उठाती है, गिराती है।” इस संदेश के माध्यम से उन्होंने यह स्थापित किया कि ऊंच-नीच का आधार केवल कर्म हो सकता है। एक उच्च कुल का व्यक्ति अगर अपराध करता है और एक निम्न कुल का व्यक्ति भी वही अपराध करता है, तो दोनों समान हैं। यहां जाति नहीं, कर्म निर्णायक है।

सामाजिक समानता और मानवता का दर्शन

संत गुरु घासीदास बाबा का दर्शन सामाजिक समानता पर आधारित था। वे मानते थे कि मानव-मानव में कोई भेद नहीं है। भेदभाव केवल अज्ञान और संकीर्ण सोच का परिणाम है। उन्होंने समाज को यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि आत्मा की शुद्धि ज्यादा महत्वपूर्ण है, न कि केवल शरीर की। (Special on December 18)

26 उपदेशों का महत्व

गुरु घासीदास बाबा के वाचिक परंपरा के माध्यम से दिए गए 26 उपदेश आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं। इन उपदेशों को आत्मसात कर सभी वर्गों और धर्मों के बीच समन्वय और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है। (Special on December 18)

पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गुरु घासीदास बाबा जी ने प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को भी रेखांकित किया। जैसे भगवान बुद्ध को बोधिवृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त हुआ, वैसे ही गुरु घासीदास बाबा जी को तेंदू वृक्ष के नीचे आत्मज्ञान का बोध हुआ। उन्होंने यह संदेश दिया कि पेड़-पौधे और प्रकृति मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इनके संरक्षण से ही मानव अस्तित्व सुरक्षित रह सकता है।

आज के परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिकता

वर्तमान समय में जब समाज फिर ऊंच-नीच और भेदभाव की ओर बढ़ता दिखाई देता है, संत गुरु घासीदास बाबा जी के विचार और भी ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। उनका सतनाम दर्शन मानवता, समानता और कर्मप्रधान जीवन का संदेश देता है। संत गुरु घासीदास बाबा केवल किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि समस्त मानव समाज के आराध्य हैं। उनके उपदेशों को अपनाकर ही एक समरस, समान और मानवीय समाज की स्थापना संभव है। सतनाम “ओंकार” का प्रतीक है और परमतत्व का संकेतक है। आज आवश्यकता है कि हम गुरु घासीदास बाबा जी के बताए मार्ग पर चलकर उनके विचारों को जीवन में उतारें।

आलेख : शकुंतला तरार, रायपुर (छ.ग.)

Back to top button
error: Content is protected !!