छठ पूजा पर भारतीय रेल की खास पहल, यात्रियों की सुविधा के लिए चलेंगी 6,181 विशेष ट्रेनें
Special Train For Chhath: छठ पूजा के बाद अपने कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों की सुगम और सुरक्षित वापसी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेल ने व्यापक तैयारी की है। त्योहारों के बाद बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने 28 अक्टूबर से नवंबर तक कुल 6,181 विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। भारतीय रेल का कहना है कि इस साल त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को प्रबंधित करने और बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देशभर में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। साथ ही अगले तीन दिनों में 900 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, चार जिलों के SP समेत 7 IPS अधिकारियों का तबादला
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिहार और उत्तर प्रदेश के लगभग 30 प्रमुख स्टेशनों जैसे पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी, गोरखपुर, बलिया और बनारस पर मौसम-रोधी होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, आरक्षित प्रतीक्षालय और यात्रियों के लिए विश्राम की सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। यात्रा को और सुगम बनाने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVMs), यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटर, और मोबाइल टिकटिंग (m-UTS) जैसी डिजिटल सुविधाएं भी बढ़ाई हैं। (Special Train For Chhath)
छठ के लिए रेलवे की खास पहल
छठ पूजा के पावन अवसर पर भारतीय रेल ने एक नई पहल की है। अब पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नई दिल्ली, गाजियाबाद और आनंद विहार टर्मिनल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भक्तिमय छठ गीतों की धुनों से यात्रियों का स्वागत किया जा रहा है। इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को त्योहार की भावना से जोड़ना और उनकी यात्रा को आनंदमय बनाना है। त्योहारी भीड़ के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने RPF की पर्याप्त तैनाती की है। साथ ही यात्री सहायता बूथ, सूचना काउंटर, कतार प्रबंधन प्रणाली और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे बोर्ड और जोनल स्तर पर 24×7 वॉर रूम सक्रिय हैं, जो परिचालन की सतत निगरानी और यात्रियों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
यात्रियों ने की सुविधाओं की तारीफ
बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, सहरसा समेत कई स्टेशनों पर 24×7 चिकित्सा बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं को भी राज्य सरकारों के समन्वय से तैयार रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके। त्योहारी यात्रा को लेकर यात्रियों ने भारतीय रेल की व्यवस्थाओं की सराहना की है। गुवाहाटी से बिहार जा रहे एक यात्री ने कहा कि विशेष ट्रेनों के चलते हम अपने परिवार के साथ त्योहार मना पा रहे हैं। हावड़ा स्टेशन पर एक दिव्यांग यात्री ने रेलवे कर्मचारियों की मदद के लिए आभार जताया। इसी तरह सिद्धार्थ नगर और बादशाहनगर स्टेशन पर यात्रियों ने साफ-सफाई, चार्जिंग पॉइंट, स्वच्छ पेयजल और प्रतीक्षालयों में आधुनिक सुविधाओं की प्रशंसा की। भारतीय रेल ने कहा है कि वह सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।



