नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत, घटना पर सियासत भी हुई तेज

Stampede in Nalanda: बिहार के नालंदा स्थित मां शीतला मंदिर में चैत्र के आखिरी मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। भीषण गर्मी, पानी की कमी और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण हालात बेकाबू हो गए। केंद्र और राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है, वहीं घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। PM मोदी ने PMNRF से हर मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये प्रति व्यक्ति दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में मची भगदड़, जिसमें श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है, एक अत्यंत दुखद घटना है।
यह भी पढ़ें:- केआईटीजी 2026: कप्तान किरण की कप्तानी चमकी, छत्तीसगढ़ फुटबॉल फाइनल में
उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4 लाख रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस तरह प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपए दिए जाएंगे। डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जिन श्रद्धालुओं की जान चली गई और जो घायल हुए, उन सभी के परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में संबल दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
काफी भीड़ हो जाने के कारण हादसा: DM
नालंदा DM कुंदन कुमार ने कहा कि मां शीतला मंदिर में काफी भीड़ हो जाने के कारण बहुत दुखद घटना हुई है। राहत-बचाव कार्य किया गया, जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों के लिए 6 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। घायलों की हालत स्थिर है, एक को इलाज के लिए रेफर किया गया है। SP भारत सोनी ने कहा कि सुबह हमें मंदिर में अतिरिक्त भीड़ की सूचना मिली। जब महिलाएं स्नान के बाद मंदिर परिसर में प्रवेश कर रही थी तो दम घुटने और पानी की कमी के कारण उनमें से कई बेहोश होकर गिरने लगी। इसी अफरा-तफरी के बीच भीड़ बेकाबू हो गई और यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। वहां पहले से चौकीदारों की नियुक्ति थी, लेकिन पूर्व में यह सूचना नहीं दी गई थी कि इतनी सारी भीड़ वहां होगी। SIT टीम गठित की गई है। CCTV कैमरों की हम जांच कर रहे हैं। कोई लापरवाही पाई गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चैत्र के अंतिम मंगलवार को काफी भीड़ उमड़ी: संजय
बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मंदिर मेले में मची भगदड़ एक हृदयविदारक घटना है। मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को सभी राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। घायलों के इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी। बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, जो हताहत हैं उनके लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि घटना बहुत दुखद है। मृतक परिवारों को सरकार की तरफ से हर संभव मदद की जाएगी। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नालंदा के शीतला माता मंदिर में चैत्र के अंतिम मंगलवार को काफी भीड़ उमड़ी, जिससे भगदड़ मच गई, कई श्रद्धालुओं की मौत हुई। (Stampede in Nalanda)
बिहार में लोग कुर्सी के खेल में व्यस्त हैं: मृत्युंजय
उन्होंने कहा कि हम उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं, जो घायल हैं उनका सरकार समुचित इलाज करा रही है। आयुक्त को घटनास्थल पर भेजा गया है। मुख्य सचिव को जांच के आदेश दिए गए हैं उसमें भगदड़ के कारणों की भी जांच होगी। जांच की रिपोर्ट आने पर त्वरित गति से कार्रवाई होगी। RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नालंदा नें अत्यंत ही दुखद घटना घटी है, भगदड़ में एक मंदिर में जिस तरह से कई लोगों की जान चली गई और जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं इसके लिए सीधे तौर पर शासन, प्रशासन में बैठे लोग जिम्मेदार हैं। यह प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है, इसकी जांच होनी चाहिए। कौन दोषी है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार में कुर्सी के खेल में लोग व्यस्त हैं और यहां इस तरह लोगों की जान जा रही है। बिहार में क्या हो रहा है ? (Stampede in Nalanda)
भाजपा आस्था के साथ खिलवाड़ करती है: राजेश राम
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि लोग आस्था के साथ मंदिर में जाते हैं और भाजपा इसी आस्था के साथ खिलवाड़ करती है। आज सनातन धर्म के लोग अपनी आस्था के लिए मंदिर गए थे, लेकिन जैसी वहां व्यवस्था थी, एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं था, एक कॉन्सटेबल उपस्थित नहीं था। लोगों की भगदड़ में मृत्यु हो गई। जो लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं और सनातन धर्म की रक्षा का दम भरते हैं, आज तो भक्तों की रक्षा करने में विफल रहे। उनकी सुरक्षा में कुछ नहीं किया, इसलिए जो आस्था का विषय है वह आस्था का विषय रहेगा, लेकिन उसे राजनीति से न जोड़ें। इस घटना की जितनी भर्त्सना करें कम है। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, सरकार को ऐसे मौकों पर ज्यादा सचेत रहना चाहिए। प्रशासन की ढीलाई के कारण यह सब हुआ है, जिन लोगों की जान गई, सरकार को उनके परिवारों को मुस्तैदी से मुआवजा देना चाहिए।
भूखे रहने और पानी की कमी के कारण हादसा: कौशलेंद्र
JDU विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि जो घटना हुई है वो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने कई लोगों को खो दिया। ज्यादा गर्मी होने की वजह से और भीड़ होने की वजह से लोगों का दम घुट गया। सरकार पूरी तरह से इस पर काम कर रही है। मुआवजे की बात हुई है जो उन्हें आज से कल तक मिल जाएगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है और जो लोग घायल हुए हैं, उनके इलाज की भी पूर्ण व्यवस्था की जा रही है। जो लोग मृतक हैं, उनके परिवार के प्रति मैं संवेदना प्रकट करती हूं और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करती हूं। JDU सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि इस घटना से हम सब लोग मर्माहत हैं। हम उस मंदिर में जाते रहे हैं, उस मंदिर की बहुत मान्यताएं हैं। मंदिर में लोग अक्सर भूखे आते हैं तो भूखे रहने और पानी की कमी के कारण यह हुआ है।
कुप्रबंधन की वजह से हुआ हादसा: श्रद्धालु
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि जो हुआ बहुत दुखद हुआ। ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। आगे ऐसा न हो, इसके लिए हमें भी ऐसा सिस्टम तैयार करना चाहिए। दिवंगत आत्माओं के लिए हम प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी उनको सहायता राशि दी गई है। हालांकि कोई भी राशि किसी व्यक्ति की जान से बड़ी नहीं होती है। हम सभी प्रार्थना करते हैं और आगामी दिनों में ऐसी घटना न हो हम इसका प्रयास करते हैं। ममता देवी नाम की एक श्रद्धालु ने बताया कि मंगलवार को यहां हमेशा भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हम लोग भी पटना से दर्शन के लिए आए थे, लेकिन अचानक भगदड़ मच गई और लोगों की जान चली गई। यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ। यहां बहुत ज्यादा भीड़ है। प्रशासन का कोई भी व्यक्ति यहां मौजूद नहीं था। (Stampede in Nalanda)



