यात्रीगण कृपया ध्यान दें…बालोद-रायपुर रेल रूट पर बढ़ा खतरा, सिकोसा के पास ट्रेन पर पत्थरबाजों का आतंक

Stone Pelting on Train: बालोद से रायपुर के बीच ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर बहुत अहम है। सिकोसा रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात पत्थरबाजों ने ट्रेन पर हमला कर एक यात्री को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना बीती रात रायपुर से लौट रही एक ट्रेन में हुई। दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला एक युवक ट्रेन की खिड़की के पास बैठा था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ पत्थर आकर उसे लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि मौके पर मौजूद यात्रियों के रोंगटे खड़े हो गए।
यह भी पढ़ें:- 7 साल की मासूम की गला घोंटकर हत्या, पड़ोसी पर शक, मामा के घर में रह रही थी बच्ची
ट्रेन बालोद स्टेशन पहुंची तो लहूलुहान युवक को रेलवेकर्मियों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। इलाज के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई है। बालोद के रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी रमन जैन ने बताया कि आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। रेलवे पुलिस की कमी के कारण मदद नहीं मिल पाती। पत्थरबाजों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है। यह रेल लाइन भारतीय रेल को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली लाइनों में से एक है। बावजूद इसके सुरक्षा के मोर्चे पर हालात बेहद खराब हैं। सिकोसा और आसपास के इलाकों में पिछले कई महीनों से रात के समय पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। (Stone Pelting on Train)
रेलवे पुलिस में स्टाफ कमी
GRP बालोद चौकी प्रभारी चैन सिंह नेताम ने बताया कि कल रात पत्थरबाजी की घटना की पुष्टि हुई है। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। युवक ने लिखित शिकायत देने से मना कर दिया है। चौकी प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि पहले GRP के पास 12 स्टाफ था, जिससे नियमित पेट्रोलिंग होती थी, लेकिन वर्तमान में सक्षम अधिकारी तक नहीं है। चौकी में सिर्फ 3 कर्मचारी कार्यरत है। स्टाफ की भारी कमी के चलते पेट्रोलिंग करना संभव नहीं है। उच्च अधिकारियों को बार-बार पत्र लिखकर स्टाफ बढ़ाने की मांग की जा रही है। यह स्थिति दर्शाती है कि रेलवे सुरक्षा पूरी तरह संसाधनों की कमी से जूझ रही है। (Stone Pelting on Train)
आए दिन सामने आ रही घटना
सिकोसा-लाताबोड़ स्टेशन के बीच यह कोई पहली घटना नहीं है। यात्री रमन जैन के मुताबिक रात में जब सफर करते हैं, तब पत्थरबाजों का डर हमेशा बना रहता है। खिड़कियों पर जाली तो है, लेकिन भीड़ होने पर यात्री दरवाजों के पास खड़े होते हैं, वहीं सबसे ज्यादा खतरा रहता है। कल भी मैं बाल-बाल बचा हूं। प्रशासन से लगातार मांग है कि सुरक्षा बढ़ाई जाए। लोगों का कहना है कि बढ़ते मामलों के बावजूद सुरक्षा में कोई सुधार नहीं हुआ है। ट्रेन स्टॉपेज वाले क्षेत्रों में अंधेरा और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां ज्यादा है। रेल प्रशासन, RPF और GRP के बीच कोऑर्डिनेशन कमजोर है। अब बड़ा सवाल यह है कि जब यह रेल लाइन सबसे ज्यादा राजस्व देती है तो क्या यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता नहीं होनी चाहिए ? (Stone Pelting on Train)
यात्रियों ने रेलवे से की ये मांग
- रात के समय नियमित पेट्रोलिंग
- स्टेशन-ट्रैक के आसपास CCTV और लाइटिंग
- असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई
- GRP स्टाफ की तत्काल बढ़ोतरी
बालोद-रायपुर रेल मार्ग पर बढ़ती पत्थरबाजी यात्रियों की जान को जोखिम में डाल रही है। संसाधनों की भारी कमी से जूझ रहे रेलवे पुलिस बल के चलते सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। जब तक GRP और रेलवे प्रबंधन सीमाओं को मजबूत नहीं करेगा, यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही नजर आती है। देशभर में ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रेलवे के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 2023 से फरवरी 2025 के बीच पूरे देश में 7,971 केस दर्ज किए गए, जबकि इन मामलों में 4,549 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। इससे पहले 2022 में भी रेलवे ने 1,503 से ज्यादा घटनाएं सामने आई थी, जो यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। रेलवे बार-बार अपील कर रहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि यात्रियों की जान खतरे में न पड़े।



