7 साल की मासूम की गला घोंटकर हत्या, पड़ोसी पर शक, मामा के घर में रह रही थी बच्ची

Girl Murder in Raigarh: रायगढ़ जिले से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है, जहां लैलूंगा थाना क्षेत्र के कुर्रा गांव में 7 साल की मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बच्ची का शव बुधवार सुबह उसके मामा के पड़ोसी के घर से संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। जानकारी के मुताबिक बच्ची छाल थाना क्षेत्र के चितापली गांव की रहने वाली थी और कुर्रा गांव में अपने मामा के घर रहकर कन्या स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। प्रारंभिक जांच में हत्या का शक पड़ोसी पर जताया जा रहा है, जिसके साथ परिवार की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर के सरकारी स्कूल में बड़ा फर्जीवाड़ा !, 8वीं में फेल छात्र को व्हाइटनर लगाकर दिखाया पास, जानिए कैसे खुला राज ?
शॉर्ट PM रिपोर्ट में बच्ची के गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका गहराती जा रही है। फिलहाल लैलूंगा पुलिस हत्या में शामिल व्यक्तियों की संख्या, घटना का कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के उसाढ़ गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर 16 साल की नीतू पाव पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। नाबालिग अपने कमरे में सो रही थी। जबकि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में थे। अचानक चीख सुनकर परिजन दौड़े तो उन्होंने नीतू को खून से लथपथ हालत में पाया।
नाबालिग के सिर पर लगे 27 टांके
परिजनों के मुताबिक कुल्हाड़ी के वार से नाबालिग के सिर में गंभीर चोट पहुंची है। उसे तुरंत मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज करते हुए उसके सिर में करीब 27 टांके लगाए। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि जिस कंबल को ओढ़कर वह सो रही थी, उस पर कुल्हाड़ी के तीन बड़े कट मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में गांव और आसपास के इलाकों में लगातार पूछताछ कर रही है। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। (Girl Murder in Raigarh)
अमलीडीह में नाबालिग की हत्या
इधर, राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में मिली नाबालिग वंदना उर्फ रानी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 4 दिन पहले पुलिस कॉलोनी के पास एक खाली प्लॉट में नाबालिग का शव मिला था। शार्ट पीएम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हुआ कि लड़की की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस अब दो संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है, जिन पर हत्या का शक गहरा रहा है। दोनों संदिग्ध तेलीबांधा थाने में रिकॉर्डेड बदमाश बताए जा रहे हैं। एएसपी लखन पटले के मुताबिक पुलिस सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। रायगढ़, मरवाही और रायपुर से सामने आई ये घटनाएं प्रदेश में बच्चियों और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। (Girl Murder in Raigarh)



