बिलासपुर के सरकारी स्कूल में बड़ा फर्जीवाड़ा !, 8वीं में फेल छात्र को व्हाइटनर लगाकर दिखाया पास, जानिए कैसे खुला राज ?

Fraud in Government School: बिलासपुर में छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकंडा के शासकीय हाई स्कूल (अभी आत्मानंद स्कूल) में 8वीं कक्षा में फेल छात्र को व्हाइटनर लगाकर पास दिखाने का बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। फर्जी मार्कशीट की बदौलत छात्र ने 9वीं और 10वीं तक की पढ़ाई पूरी कर ली, लेकिन सरकारी नौकरी के वेरिफिकेशन में पूरा खेल बेनकाब हो गया। फिलहाल जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लॉन्च की VSKPL-13 दिसंबर से होगा भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट
जानकारी के मुताबिक साल 2006 में कक्षा 8वीं का छात्र रवि कुमार यादव दो विषयों में सप्लीमेंट्री आया था। वह सप्लीमेंट्री परीक्षा में अनुपस्थित रहा और नियम अनुसार उसे अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया, लेकिन स्कूल स्टाफ की मिलीभगत से उसकी मार्कशीट में व्हाइटनर लगाकर अंक बदल दिए गए और उसे उत्तीर्ण दिखा दिया गया। यही नहीं पास दिखाए जाने के बाद छात्र को 9वीं और 10वीं तक पढ़ने की अनुमति भी दी गई।
सरकारी नौकरी के वेरिफिकेशन में खुला राज
कई सालों बाद जब छात्र ने सरकारी नौकरी के लिए आवेदन किया, तब दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के दौरान पूरा खेल सामने आ गया। जांच में पाया गया कि मार्कशीट में व्हाइटनर का इस्तेमाल कर छेड़छाड़ की गई। अंक बदले गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्कूल के रिकॉर्ड में भी छात्र को उत्तीर्ण लिखा गया, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी के पास मौजूद आधिकारिक रिकॉर्ड में वह स्पष्ट रूप से फेल दर्ज है। इससे शक की सुई सीधे स्कूल स्टाफ और तत्कालीन प्राचार्य पर गई। (Fraud in Government School)



मामला सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्कालीन प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया है। DEO ने स्पष्ट कहा है कि यह अत्यंत गंभीर मामला है। जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय कार्रवाई शुरू हो चुकी है और सभी संबंधित रिकॉर्ड जब्त कर लिए गए हैं। यह मामला कई बड़े सवाल खड़े करता है, जैसे फेल छात्र को अगली कक्षा में एडमिशन किसकी अनुमति से मिला ?, किसके संरक्षण में इतनी बड़ी दस्तावेजी हेराफेरी की गई ?, क्या यह एक ही मामले तक सीमित है या ऐसे और खेल अन्य स्कूलों में भी हो रहे हैं ?, मेहनत से पढ़ाई करने वाले छात्रों के साथ यह अन्याय क्यों और कैसे होने दिया गया ? शिक्षा विभाग इस समय मामले की जांच में जुटा है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।
शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल
अगर सरकारी स्कूल में इस तरह व्हाइटनर लगाकर अंक बदलने का खेल चलता रहा तो शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़ा हो जाएगा। यह मामला सिर्फ एक छात्र का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की लापरवाही और भ्रष्टाचार का उदाहरण है। इस खुलासे ने सरकारी स्कूलों की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। फेल छात्र को व्हाइटनर लगाकर पास दिखाने जैसी घटना न सिर्फ गंभीर अपराध है, बल्कि पूरे सिस्टम पर धब्बा है। अब देखना होगा कि जांच किस दिशा में जाती है और दोषियों पर कब कार्रवाई होती है। (Fraud in Government School)




