उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लॉन्च की VSKPL-13 दिसंबर से होगा भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट
कवर्धा। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में फिटनेस एवं खेल भावना को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने बुधवार को “विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग” (VSKPL) का पोस्टर विमोचन किया। विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए बल्ले से प्रतीकात्मक शॉट लगाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत का संदेश दिया।
यह भी पढ़े :- रायपुर में “डीजी कॉन्फ्रेंस 2025” की तैयारियाँ पूरी – पीएम मोदी व अमित शाह की सुरक्षा को लेकर हाई-अलर्ट
यह पहली बार है जब कवर्धा विधानसभा स्तर पर इतनी भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।
VSKPL का शुभारंभ 13 दिसंबर से होगा, जिसमें कवर्धा विधानसभा के 07 मंडलों से वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता टेनिस बॉल प्रारूप में खेली जाएगी। इस दौरान विशेष मैच जर्सी का भी अनावरण किया गया।
खेल से अनुशासन और सामाजिक समरसता बढ़ती है – विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बुजुर्ग खिलाड़ी भी मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत बनाते हैं, तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं। यह पहल कवर्धा में खेल संस्कृति को नई दिशा देगी।
आकर्षक पुरस्कार
- प्रथम पुरस्कार — ₹1,11,000
- द्वितीय पुरस्कार — ₹51,000
- तृतीय पुरस्कार — ₹31,000
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित
जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, खिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
पोस्टर लॉन्च के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय खिलाड़ियों ने कहा कि पहली बार आयोजित लीग से छुपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।



