Udaipur Violence: पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ छात्र देवराज का अंतिम संस्कार, स्कूल-कालेज सहित इंटरनेट सेवा बंद

Udaipur Violence: उदयपुर में चाकूबाजी की घटना में घायल छात्र देवराज की सोमवार को इलाज के दौरान दुखद मौत हो गई। देवराज का अंतिम संस्कार मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया। शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। चौराहों और छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और देवराज के घर से श्मशान घाट तक निकाले गए जुलूस की ड्रोन से निगरानी की गई।
परिजनों ने शव लेने से किया था इनकार
सोमवार को देवराज के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था। वे दोषियों को सजा दिलाने और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में, प्रशासन ने मृतक के परिवार को 51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने और एसटी-एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की सहमति दी। इसके बाद, मोची समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंती भाई, परिजनों, समाज के लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत हुई, जिसमें मंगलवार सुबह 7 बजे देवराज का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया गया। सुबह 5:30 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शहर में इंटरनेट बंद और स्कूल-कॉलेज भी बंद
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने शहर में इंटरनेट सेवा मंगलवार रात 10 बजे तक बंद रखने का आदेश दिया था। इसके साथ ही, मंगलवार को सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद रखने का निर्णय लिया गया, हालांकि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय के अनुसार आयोजित की गईं।
हमलावर छात्र ने की थी चाकू से वार
देवराज पर पिछले सप्ताह उसके ही कक्षा के एक छात्र ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे उदयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देवराज की बहनों ने अस्पताल में उससे राखी बांधी थी, जो इस दुखद घटना का एक मार्मिक पहलू है। देवराज की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उसके परिवार के लिए न्याय की मांग की।
घटना के बाद शहर में तनाव
चाकूबाजी की इस घटना के बाद पूरे शहर में बवाल (Udaipur Violence) मच गया था। घटना की खबर फैलते ही लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान कुछ गुस्साए लोगों ने बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस घटना के बाद पूरे शहर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी और धारा 144 भी लागू कर दी गई थी। (Udaipur Violence)



