छत्तीसगढ़ में बोर्ड रिजल्ट के बाद स्टूडेंट्स उठा रहे आत्मघाती कदम, 13 दिन में 5 छात्राओं ने की खुदकुशी

Students Suicide in CG: छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं के बोर्ड रिजल्ट के बाद स्टूडेंट्स लगातार आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां 12वीं की छात्रा ने खुदकुशी कर ली है। उसका शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला है। जानकारी के मुताबिक छात्रा के 12वीं में 63 फीसदी नंबर आए थे। इसके चलते वह तनाव में थी। छात्रा की खुदकुशी करने की सूचना संकरी गांव के उप सरपंच संतराम नागर ने पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि वसुंधरा बारले (उम्र 17) ने इस साल छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं की परीक्षा दी थी।
यह भी पढ़ें:- MDH और एवरेस्ट को मिला क्लीन चिट, 28 सैंपल टेस्ट में पास हुए मसालें
वसुंधरा को हर बार सभी परीक्षाओं में 80 फीसदी से ज्यादा अंक मिलते थे। इस बार 63 प्रतिशत मिले थे। बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह लगातार तनाव में थी। पुलिस ने बताया कि वसुंधरा का शव छत पर लगी ग्रिल में लटकता हुआ मिला था। मंगलवार सुबह वसुंधरा के नहीं दिखने पर परिजनों ने उसे काफी आवाज लगाई। जब कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला तो घर वाले कमरे में देखने पहुंचे। हालांकि तब तक वसुंधरा की मौत हो चुकी थी। आशंका है कि देर रात ही वसुंधरा ने फांसी लगा ली होगी। वसुंधरा के पिता केवल दास बारले की किराने की दुकान है। वो गांव में ही अपनी दुकान संचालित करते हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी पढ़े-लिखे हैं। (Students Suicide in CG)
पढ़ाई में शुरू से अच्छी थी वसुंधरा
वसुंधरा भी पढ़ाई में शुरू से अच्छी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 13 दिन में 5 छात्राओं ने जान दे दी है। इनमें 2 छात्राएं 10वीं और 3 स्टूडेंट्स 12वीं कक्षा की थी। दरअसल, 17 मई को दुर्ग में 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मोहन नगर क्षेत्र के उरला निवासी धनेश्वरी उर्फ काजल खरे (16) सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ाई कर रही थी। रिजल्ट आया तो अंग्रेजी विषय में सप्लीमेंट्री आने से वह काफी उदास थी। उसका शव पंखे के सहारे फांसी पर लटका हुआ मिला था। वहीं 14 मई को जगदलपुर में 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। (Students Suicide in CG)
जांजगीर-चांपा में 2 छात्राओं ने दी जान
बताया जा रहा है कि 12वीं CBSE में वह सिर्फ 3 नंबर से सप्लीमेंट्री आई थी। इसी गम में उसने घर में पंखे से लटक कर जान दे दी है। छात्रा का नाम हर्षिता सोनी था। 18 साल की हर्षिता 12वीं में कॉमर्स विषय की छात्रा थी। 11 मई को जांजगीर-चांपा में 12वीं की छात्रा और बलरामपुर में 10वीं की छात्रा 2-2 विषयों में फेल होने के कारण फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। बताया जा रहा है कि रिजल्ट आने के बाद से दोनों टेंशन में थी। सुबह परिजनों को लाश लटकती मिली। पूरा मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र और रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है। छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने टोल फ्री नंबर 1800-233-4363 भी जारी किया था। इस पर हर दिन सैकड़ों स्टूडेंट्स ने फोन कर सवाल पूछे थे। (Students Suicide in CG)



