Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में छात्र और छात्रा ने की आत्महत्या, NCRB रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

Students Suicide in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक ही दिन दो अलग-अलग जगहों पर छात्र-छात्रा के आत्महत्या का मामला सामने आया है। एक ओर बिलासपुर में फार्मेसी की छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर जान दे दी तो दूसरी ओर दंतेवाड़ा में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र ने स्कूल परिसर में फांसी लगाई। दोनों मामलों ने फिर एक बार छात्र जीवन में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना बिलासपुर की है, जहां मस्तूरी थाना क्षेत्र के पेंड्री स्थित एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल में डी-फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्रा यामिनी कोशले ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: 1 से 5 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी शानदार प्रस्तुतियां, कलाकार बिखेरेंगे मनमोहक छटा

मृतिका लोहरसी सोन की रहने वाली थी और संदीपनी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना दंतेवाड़ा की है, जहां बारसूर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 6वीं के छात्र सुनील पोड़ियाम ने स्कूल के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब साथी छात्र बाथरूम की ओर गए तो गेट पर सुनील गमछे से लटका मिला। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल उसे उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। (Students Suicide in Chhattisgarh)

देश में बढ़ी आत्महत्या की घटनाएं

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि दिवाली की छुट्टी के बाद छात्र 29 अक्टूबर को ही स्कूल लौटा था और घर वापस जाने की बात कर रहा था। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनील खुश-मिजाज था, उसने खुदकुशी नहीं की होगी, बल्कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। 2023 में भारत में 1.72 लाख से ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की, जो 2022 की तुलना में करीब 0.3% ज्यादा है। (Students Suicide in Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ में स्थिति राष्ट्रीय औसत से भी गंभीर

आत्महत्या दर 12.4 प्रति 1 लाख आबादी रही। यह देश में अब तक की सबसे ऊंची दरों में से एक है। 18 से 30 साल की आयु-वर्ग में आत्महत्या करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा पाई गई। आत्महत्या के मुख्य कारणों में मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद, प्रेम-प्रसंग, बीमारी और शैक्षणिक दबाव शामिल हैं। लटककर आत्महत्या करने के मामलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुल आत्महत्याओं में लगभग 58% इसी तरीके से की गई है। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ में आत्महत्या की दर 28.2 प्रति 1 लाख आबादी रही, जो राष्ट्रीय औसत से कहीं ज्यादा है। 2022 में राज्य में 8,400 से ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की थी। इनमें बड़ी संख्या युवाओं और छात्रों की थी। विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में आर्थिक तंगी, बेरोजगारी, मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी और शिक्षा संस्थानों में परामर्श तंत्र की अनुपस्थिति बड़ी समस्या है।

विशेषज्ञों की राय

मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि किशोर और युवा उम्र में भावनात्मक अस्थिरता, प्रतिस्पर्धा का दबाव और पारिवारिक अपेक्षाएं मिलकर घातक मानसिक दबाव पैदा कर देती हैं। ऐसे में संस्थानों को नियमित काउंसलिंग सत्र, मेंटल हेल्थ कैंप और पीयर सपोर्ट ग्रुप शुरू करने की जरूरत है। छात्रों को भी यह समझना चाहिए कि असफलता अंत नहीं होती। हर समस्या का समाधान संवाद से निकल सकता है। इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। पुलिस-प्रशासन ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है, लेकिन असली चुनौती यह है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जाए। सरकार, स्कूल-कॉलेज प्रबंधन और परिवार सभी को मिलकर ऐसा माहौल बनाना होगा, जहां छात्र खुलकर अपनी बात कह सकें और जीवन की कठिनाइयों से भागने के बजाय सामना करना सीखें।

Back to top button
error: Content is protected !!