Google Analytics —— Meta Pixel

अब पढ़ाई के लिए उज़्बेकिस्तान जा सकेंगे छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट्स, भारत की राजदूत की मौजूदगी में हुआ समझौता

Studying in Uzbekistan: रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स अब उच्च शिक्षा और रिसर्च के लिए उज़्बेकिस्तान जा सकेंगे। साथ ही उज़्बेकिस्तान के स्टूडेंट्स कृषि विश्वविद्यालय में अध्ययन और शोध कर सकेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ और डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी उज़्बेकिस्तान के बीच इसे लेकर एक समझौता किया गया है। उज़्बेकिस्तान में भारत की राजदूत स्मिता पंत की उपस्थिति में संपन्न ऑनलाइन अनुबंध समारोह में द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन पर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के कुलाधिसचिव (रेक्टर) प्रो. आयबेक रोज़िव ने हस्ताक्षर किए।

यह भी पढ़ें:- नेपाल में चमके छत्तीसगढ़ के सितारे: कबीरधाम के चार होनहार युवाओं ने लहराया भारत का परचम

इस द्विपक्षीय समझौते के अनुसार दोनों संस्थानों के स्टूडेंट्स स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए एक-दूसरे संस्थान में जा सकेंगे। इसी तरह दोनों संस्थानों के प्राध्यापक और वैज्ञानिक भी एक-दूसरे के संस्थान में अध्ययन और अनुसंधान कर सकेंगे। इस समझौते से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा और शोध के आकाश को नया विस्तार मिला है। (Studying in Uzbekistan) 

 

भारत की राजदूत स्मिता पंत ने कहा कि भारत की उज़्बेकिस्तान के रिश्ते बहुत पुराने हैं और सदियों से भारत- उज़्बेकिस्तान के बीच व्यापार होता रहा है। दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के देशों की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के 22 संकाय सदस्य अध्ययन और शोध के लिए भारत जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के बीच कृषि, पर्यावरण, जल संरक्षण और विज्ञान से संबंधित अन्य क्षेत्रों में शिक्षा समेत अनुसंधान के नए द्वार खुलेंगे। दोनों संस्थानों के स्टूडेंट्स और प्राध्यापकों को उच्च शिक्षा और शोध के नए अवसर प्राप्त होंगे। (Studying in Uzbekistan)

सुविधाओं का जायजा लेने के लिए आमंत्रित

उन्होंने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और उनके सहयोगियों को उज़्बेकिस्तान आने और वहां उपलब्ध शिक्षा समेत अनुसंधान की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए आमंत्रित किया। डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के कुलाधिसचिव (रेक्टर) प्रो. आयबेक रोज़िव ने कहा कि उनका संस्थान सिर्फ 5 साल पुराना है। ऐसे में वहां के स्टूडेंट्स को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में उपलब्ध शिक्षण और अनुसंधान सुविधाओं का काफी लाभ मिलेगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि यह रायपुर का यूनिवर्सिटी 100 साल से भी पुराना कृषि अनुसंधान और शिक्षण का इतिहास रहा है। यहां साल 1903 में धान अनुसंधान केंद्र की स्थापना की गई थी। (Studying in Uzbekistan)

1961 में कृषि महाविद्यलय की स्थापना

1961 में यहां कृषि महाविद्यलय की स्थापना हुई, जो 1987 में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के रूप में अस्तित्व में आया। डॉ. चंदेल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में संचालित शिक्षण पाठ्यक्रमों और अनुसंधान सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी उज़्बेकिस्तान के स्टूडेंट्स और संकाय सदस्यों को अपने यहां आने का न्योता दिया। डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के संकाय सदस्य और इस समझौते के समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश दानी ने कई पहलुओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. जी.के. दास, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विनय पांडेय, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. दवे और कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी.पी. खरे, अंतर्राष्ट्रीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. हुलास पाठक समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। (Studying in Uzbekistan) 

Back to top button
error: Content is protected !!