सूरजपुर डबल मर्डर मामले में नया मोड़, पति की करतूत से टूटी पत्नी, मिटाया सिंदूर, कहा- अगला टारगेट मैं थी

Surajpur Double Murder Case: सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर इलाके में मां-बेटे की हत्या के मामले में अब आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी सरिता लकड़ा के खुलासे ने नया मोड़ दे दिया है। सरिता मीडिया के सामने फूट-फूटकर रो पड़ी। उन्होंने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके लिए फांसी की सजा की मांग की है। सरिता का कहना है कि अब उनका आरोपी पति से कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। सरिता को आशंका है कि मां-बेटे की हत्या के बाद आरोपी का अगला निशाना वह खुद हो सकती थी। सरिता लकड़ा ने दावा किया है कि वारदात से महज 10 से 15 दिन पहले उनके पति ने उनकी इच्छा के बिना टाटा एआईए कंपनी में एक करोड़ रुपए का बीमा कराया था।
यह भी पढ़ें:- मक्का डिफेंस पैक्ट की निकली हवा, हूती हमलों से सहमा सऊदी अरब, तुर्किये ने लिया यू-टर्न, पाकिस्तान और अमेरिका भी पीछे हटे
सरिता के मुताबिक इस घटना के बाद उन्हें बीमा कराने के पीछे की मंशा को लेकर संदेह हो रहा है। उन्हें डर है कि कहीं आरोपी ने उनके साथ भी किसी साजिश की योजना तो नहीं बनाई थी। सरिता ने आशंका जताई कि अगर उनकी मौत हो जाती तो आरोपी बीमा की रकम लेकर फरार हो सकता था। सरिता के अनुसार वारदात वाली रात उनके पति ने पेंड्रा जाने की बात कही थी। उन्हें उस समय इस बात का अंदाजा नहीं था कि पति पर मां-बेटे की हत्या जैसे गंभीर अपराध का आरोप लगेगा। सरिता का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी बाद में पुलिस से मिली। मामले की जानकारी सामने आने के बाद से वह सदमे में हैं। पति पर लगे आरोपों और घटनाक्रम से आहत सरिता ने अपना सिंदूर मिटा दिया। उन्होंने कहा कि वह अब आरोपी के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहती। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। (Surajpur Double Murder Case)
नहीं चाहती कि वह कभी जेल से बाहर आए: सरिता लकड़ा
सरिता लकड़ा ने अपने पति के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। उनका कहना है कि वह नहीं चाहती कि आरोपी कभी जेल से बाहर आए। सरिता ने आशंका जताई कि जिस तरह मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आया है, उसमें वह खुद भी निशाना हो सकती थी। सरिता के इन बयानों ने मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर इलाके का है। पुलिस के मुताबिक 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र में कालीघाट के पास एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान बिश्रामपुर निवासी 12वीं कक्षा के छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई। सुजल की मां रजनी बरेट भी लापता थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई तो वॉशरूम में रजनी बरेट का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रजनी की गला दबाकर हत्या की गई थी। वहीं सुजल के सिर और शरीर पर किसी भारी वस्तु से कई वार किए गए थे।
कर्ज और कारोबार में नुकसान हत्या की वजह
मां और बेटे की अलग-अलग जगहों पर लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने हत्या के मामले में जांच तेज करते हुए संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवेश कुमार पर कर्ज था और उसके कारोबार में भी नुकसान हुआ था। इसी दौरान उसे पता चला कि रजनी बरेट का होम लोन मंजूर हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी को लगा कि लोन की रकम घर में रखी हो सकती है। इसी लालच में उसने वारदात की साजिश रची। आरोपी ने पहले रजनी बरेट की हत्या की और इसके बाद घर से कुछ गहने समेत बैंक से संबंधित दस्तावेज ले लिए। रात में सुजल के घर लौटने पर उसे बाहर खाना खाने और पार्टी करने का लालच दिया। इसके बाद वह सुजल को सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सुजल के शव को कार से ले जाकर कालीघाट के पास फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। (Surajpur Double Murder Case)
60 से 70 CCTV कैमरों के फुटेज से मिला सुराग
दोहरे हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने करीब 6 टीमें लगाई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार, गहने, मोबाइल और बैंक से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस की जांच के बीच आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा के बयान ने एक नया पहलू सामने रखा है। एक करोड़ रुपए के बीमा, घटना वाली रात पेंड्रा जाने की बात कहने और खुद की सुरक्षा को लेकर जताई गई आशंका की जांच से मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से हत्या के मामले में बताए गए घटनाक्रम और सरिता के लगाए गए आरोपों को अलग-अलग तथ्यों के रूप में देखना जरूरी है।




