शक की आग में जिंदा जला पति, सूरजपुर में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, डेढ़ महीने बाद खुला राज

Surajpur Husband Murder Case: पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते में जब विश्वास की जगह शक पनपने लगे तो अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है। इसका ताजा उदाहरण सूरजपुर जिले के मानी गांव में सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। वजह बनी पति की ओर से बार-बार चरित्र पर शक करना। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करीब डेढ़ महीने बाद हुआ है। घटना मानी चौक के पास की है, जहां सुपारी लाल रजवाड़े रोज की तरह खाना खाकर अपने घर के आंगन में खाट पर सो रहे थे। पेशे से SECL में कोयला लोडिंग वाहनों में सील लगाने का काम करने वाले सुपारी लाल को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनके जीवन की आखिरी रात है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के होटल में नाबालिग प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड ने की बॉयफ्रेंड की हत्या, कमरे को बाहर से बंद कर लौटी घर
अगली सुबह यानी 6 अगस्त को तड़के करीब 4 बजे अचानक खाट में आग लग गई। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े और आग बुझाने की कोशिश की। 85 प्रतिशत तक झुलस चुके सुपारी लाल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही थी, लेकिन कोतवाली पुलिस को मौके पर मिले सबूतों और परिस्थितियों पर संदेह हुआ। आग की तीव्रता, खाट की स्थिति और पत्नी के बयान में विरोधाभास ने जांच को एक नया मोड़ दिया। (Surajpur Husband Murder Case)
पूछताछ में पत्नी का कबूलनामा
जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की और गवाहों के बयान लिए तो चौकाने वाला सच सामने आया। मृतक की पत्नी मूर्ति बाई रजवाड़े ने पूछताछ में कबूल किया कि उसी ने अपने पति को जिंदा जलाकर मार डाला। उसने बताया कि उसका पति अक्सर उसके चरित्र पर संदेह करता था। बात-बात पर ताने देता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। यह विवाद पंचायत तक भी पहुंचा था। इन सब से तंग आकर उसने हत्या की साजिश रची। घटना की रात जब सुपारी लाल गहरी नींद में थे, तब मूर्ति बाई ने खाट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाहर जाकर शोर मचाने लगी, ताकि लोगों को लगे कि वह भी स्तब्ध और बेबस है, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच और तकनीकी सबूतों ने उसके झूठ की परतें खोल दी।
आरोपी पत्नी को भेजा गया जेल
कोतवाली थाना प्रभारी विमलेश दुबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद अंबिकापुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है। यह मामला सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं है, बल्कि यह दर्शाता है कि जब रिश्तों में संवाद की कमी हो जाती है और संदेह गहराने लगता है तो उसका अंत कितना भयावह हो सकता है। शक न सिर्फ रिश्तों को तोड़ता है, बल्कि जिंदगियां भी खत्म कर सकता है। मानी गांव की यह घटना एक चेतावनी है कि संवाद और समझदारी रिश्तों को बचा सकती है, लेकिन संदेह और प्रताड़ना उन्हें तबाह कर देती है। (Surajpur Husband Murder Case)



