Google Analytics —— Meta Pixel

सूरजपुर में रेण नदी बनी काल, बेटे और भांजों को बचाने नदी में कूदा शख्स, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Surajpur River Accident: जिस घर में दशहरा की खुशियां थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है, जिन बच्चों को त्योहार की छुट्टियों में अपनों के साथ कुछ यादगार पल बिताने थे, उनकी जिंदगी रेण नदी की गहराई में समा गई। सूरजपुर जिले के सरस्वतीपुर में शनिवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। नदी में नहाने उतरे बच्चे गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख पिता ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन यह कोशिश उनकी जिंदगी की आखिरी कोशिश साबित हुई। देखते ही देखते पिता-पुत्र और बिहार से आए दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें:- निर्माण श्रमिकों के जीवन में खुशहाली ला रहीं सन्निर्माण कर्मकार मंडल की जनकल्याणकारी योजनाएं

यह दर्दनाक हादसा बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के रेण नदी के सरस्वतीपुर घाट पर हुआ। मृतकों में 45 साल का विवेक कुमार सिंह, उनका 20 साल का बेटा अभिजीत सिंह और बिहार के रहने वाले दो सगे भाई गोपाल कृष्ण (13) और कृष्ण गोपाल (14) शामिल हैं। दोनों बच्चे विवेक सिंह के साले के बेटे यानी उनके भांजे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक 24 अक्टूबर की सुबह विवेक कुमार सिंह अपने बेटे और भांजों के साथ घर से निकले थे। इसके बाद वे रेण नदी के सरस्वतीपुर घाट पहुंचे। वहां नदी में नहाने के दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को संकट में देखकर विवेक सिंह उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। हालांकि नदी की गहराई और पानी में फंसने के कारण वे खुद भी बाहर नहीं निकल सके। (Surajpur River Accident)

ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर निकाले शव

कुछ ही देर में चारों के डूबने की खबर सामने आई। स्थानीय लोगों को घाट के पास खड़ी स्कूटी और वहां पड़े कपड़ों को देखकर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने नदी में तलाश और बचाव का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने उनके नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। इस घटना ने नदी में डूबने की घटनाओं के दौरान त्वरित बचाव व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। मृतक गोपाल कृष्ण और कृष्ण गोपाल बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले थे। दोनों सगे भाई दशहरा मनाने के लिए अपनी मौसी के घर आए थे। परिवार के सभी सदस्यों को शनिवार को ही वापस लौटना था, लेकिन घर वापसी से पहले ही यह हादसा हो गया।

एक दिन पहले भी नदी पर आए थे नहाने

विवेक कुमार सिंह की पत्नी नेहा सिंह सूरजपुर में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। विवेक सिंह अपने परिवार के साथ चंद्रपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। त्योहार के मौके पर परिवार के सदस्य एक साथ समय बिता रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस नदी पर वे घूमने और नहाने के लिए जाएंगे, वही पूरे परिवार के लिए ऐसी त्रासदी की वजह बन जाएगी। जानकारी के मुताबिक हादसे से एक दिन पहले भी वे इस स्थान पर आए थे। बताया जा रहा है कि नदी का पाट देखने के दौरान उन्होंने घर पर वीडियो कॉल के जरिए जगह दिखाई थी और यहां नहाने की योजना भी बताई थी। शनिवार सुबह वे दोबारा घाट पहुंचे, लेकिन इस बार वापस लौटने की खुशियों की जगह परिवार को चार लोगों की मौत की खबर मिली। बताया गया कि नदी से निकाले गए विवेक सिंह के शरीर पर पूरे कपड़े थे और उनके माथे पर टीका लगा हुआ था। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे मंदिर दर्शन के बाद नदी पहुंचे होंगे और बच्चों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गए होंगे। (Surajpur River Accident)

स्कूटी और कपड़ों से हुआ अनहोनी का अंदेशा

घाट पर खड़ी स्कूटी और पास में रखे कपड़ों को देखकर लोगों को कुछ अनहोनी होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया गया, जिसके बाद परिवार से संपर्क करने में मदद मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की सहायता से शवों को बाहर निकलवाया। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिस घर में त्योहार के दौरान रिश्तेदारों के आने से रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। पिता-पुत्र और दो सगे भाइयों की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल यह घटना एक गंभीर चेतावनी भी है कि नदियों में नहाने के दौरान गहराई और पानी के बहाव का अंदाजा लगाए बिना उतरना जानलेवा हो सकता है। किसी को डूबता देखकर बिना सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित सहायता के पानी में कूदना बचाव करने वाले व्यक्ति की जान भी जोखिम में डाल सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!