गड़ा धन पाने के लिए बच्चों के साथ तंत्र-मंत्र, ग्रामीणों ने 2 बच्चों की नरबलि की कोशिश का लगाया आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

Tantra Mantra For Gold: बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के कोहकापाल गांव में गड़ा हुआ धन पाने के अंधविश्वास में बच्चों के साथ तंत्र-मंत्र का मामला सामने आया है। शुरुआत में इस मामले को 12 साल के दो बच्चों की नरबलि की कोशिश से जोड़कर देखा गया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने गांव के ही दो लोगों पर बच्चों को फुसलाकर अपने साथ ले जाने और गड़ा धन हासिल करने के लिए उनकी बलि देने की तैयारी करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस की जांच में अब तक नरबलि की कोशिश या इसकी योजना से जुड़े कोई सबूत सामने नहीं आए हैं। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक कोहकापाल गांव में करीब दो महीने पहले यह घटना हुई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक बच्चे को अगवा करके तंत्र-मंत्र किया।
यह भी पढ़ें:- Asian Games 2026: भारत ने रचा इतिहास, महिला रिकर्व आर्चरी टीम ने जीता पहला गोल्ड
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के ही गोनसाय और लखीराम 12 साल के दो बच्चों को अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि दोनों बच्चों को गड़ा हुआ धन निकालने और सोने का हंडा हासिल करने के लिए तंत्र-मंत्र की गतिविधियों में शामिल किया गया। बताया जा रहा है कि बच्चों को किसी तरह वहां से निकलने का मौका मिला और वे घर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। मामला गांव में फैलने के बाद ग्रामीणों के बीच नाराजगी और दहशत का माहौल बन गया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी परिजन चिंतित हो गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को गड़ा धन पाने के लिए नरबलि देने की तैयारी की जा रही थी। इसी आरोप के बाद गांव में पंचायत की बैठक बुलाने का फैसला लिया गया। (Tantra Mantra For Gold)
थाने में शिकायत, कार्रवाई नहीं करने का आरोप
28 सितंबर को कोहकापाल में पंचायत की बैठक हुई। ग्रामीणों का दावा है कि बैठक में गोनसाय और लखीराम से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने बच्चों के साथ हुई गतिविधियों में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर नगरनार थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। उनका दावा था कि दोनों आरोपी गांव में ही घूम रहे थे, जिससे बच्चों और उनके परिवारों में डर बना हुआ था। पुलिस कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण जगदलपुर पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की शिकायत की। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने गांव पहुंचकर शुरू की जांच
मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और टीम को कोहकापाल भेजा गया। पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना से जुड़े लोगों, ग्रामीणों, बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि दो नहीं, बल्कि सिर्फ एक बच्चे को अगवा किया गया था, जिससे पुलिस ने बयान भी लिया। पुलिस के मुताबिक बच्चे ने चावल छिड़ककर पूजा-पाठ करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को नरबलि के आरोप के साथ-साथ तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के एंगल से भी जांचना शुरू किया। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि कोहकापाल में नरबलि से जुड़ा मामला करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के समय थाने में इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। (Tantra Mantra For Gold)
जांच में नरबलि की कोशिश के नहीं मिले सबूत
जांच आगे बढ़ने के बाद बस्तर पुलिस की ओर से मामले को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में यह सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों ने सोने का हंडा मिलने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते नाबालिग बच्चे के साथ तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधियां की थी। हालांकि पुलिस जांच में नरबलि देने की कोशिश या उसकी योजना से संबंधित कोई सबूत नहीं मिला। यानी जिस घटना को शुरुआत में ग्रामीणों की ओर से नरबलि की कोशिश बताया गया था, पुलिस जांच में उसकी पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम में नाबालिग को अगवा कर धमकी देने के आरोप में गोनसाय और लखीराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गड़ा धन पाने की लालच में तांत्रिक गतिविधियां करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। (Tantra Mantra For Gold)
ढोंगी बाबा के साथ मिलकर रची पूरी साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों ही आरोपी ने बच्चे का अपरहण कर एक बाबा की मदद से जादू- टोना करने का प्रयास किया। बच्चे की आंख में पट्टी बांधकर तंत्र-मंत्र किया, ताकि गांव में कहीं गड़े धन की जानकारी उन्हें मिल जाए, जिसके बाद बच्चा उनके चंगुल से भाग निकलने में कामयाब हो गया, जिसने परिजनों को जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने बुधवार देर शाम मामले में दोनों नामजद आरोपियों और एक गांव के बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में और भी आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की लगातार जांच जारी है, जिसमें और भी नाम सामने आ सकते हैं। सीएसपी ने कहा कि अंधविश्वास की वजह से गांव में इस तरह का माहौल बन गया है। फिलहाल तांत्रिक विद्या से गांव वाले को बहकाने वाले एक बाबा को भी पकड़ लिया गया है।
पहले भी ऐसी कोशिश के लग चुके हैं आरोप
इधर, ग्रामीणों का यह भी दावा है कि कोहकापाल क्षेत्र में इससे पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। ताजा मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने अंधविश्वास और गड़े धन के लालच में बच्चों को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई है। इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि ग्रामीणों ने शुरुआत में नरबलि की कोशिश का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस की जांच में नरबलि की योजना या प्रयास के सबूत नहीं मिले। जांच में बच्चों के साथ तंत्र-मंत्र किए जाने और गड़ा धन पाने की कोशिश का तथ्य सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर देश आधुनिकता और तकनीक के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है तो दूसरी ओर अंधविश्वास की जड़ें आज भी समाज के कुछ हिस्सों में कायम हैं। कोहकापाल की यह घटना इसी विरोधाभास को सामने लाती है, जहां गड़े धन की चाह में तंत्र-मंत्र का सहारा लिया गया। हालांकि पुलिस जांच में नरबलि की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता और वैज्ञानिक सोच को गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत आखिर कब पूरी होगी।




