Google Analytics —— Meta Pixel

कम समय में ज्यादा कमाई का लालच और जिंदगी भर की EMI का बोझ, 43 शिक्षकों से 12 करोड़ की ठगी

Teachers Cheated in Kondagaon: दूसरों को शिक्षा देने वाले गुरु खुद एक ऐसे संगठित ठगी गिरोह के जाल में फंस गए, जिसने कम समय में ज्यादा पैसा दिलाने और एक साथ कई बैंकों से पर्सनल लोन स्वीकृत कराने का सपना दिखाकर करोड़ों रुपए की ठगी कर ली। आरोपियों ने शिक्षकों का भरोसा जीतकर उनके दस्तावेज लिए, कई मामलों में फर्जी आधार कार्ड तक बनवाए, अलग-अलग बैंकों से लोन पास कराया और रकम का बड़ा हिस्सा अपने खातों में ट्रांसफर कर फरार हो गए। अब पुलिस ने करीब तीन महीने की तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद इस पूरे रैकेट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोंडागांव जिले के फरसगांव और केशकाल थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस के मुताबिक अब तक 43 शिक्षकों से करीब 10 से 12 करोड़ रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है। हालांकि पीड़ित शिक्षकों का दावा है कि बदनामी और सामाजिक संकोच के कारण कई लोग अब तक सामने नहीं आए हैं और जिले में 150 से 200 शिक्षकों के इस गिरोह का शिकार होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें:- बीजापुर में बाघ खाल तस्करी पर तीन वनकर्मी निलंबित, धमतरी में शिकारी गिरफ्तार, बस्तर में बाघ की आहट से सतर्कता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय और एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के नेतृत्व में टीम ने करीब तीन महीने तक बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों की तकनीकी जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अलग-अलग जिलों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें अंबिकापुर के शिवशंकर दास, दिलीप कुमार सोनी, अंशुमान सिंह, सारंगढ़ के श्यामसुंदर जांगड़े और जशपुर के विरेंद्र तिर्की शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सबसे पहले शिक्षकों से संपर्क करते थे और दावा करते थे कि वे कम समय में कई बैंकों से एक साथ पर्सनल लोन स्वीकृत करा सकते हैं। इसके बाद अलग-अलग बैंक और लोन एजेंटों के माध्यम से एक साथ कई बैंकों में आवेदन कराया जाता था।

लोन स्वीकृत होने के बाद शिक्षकों को कुल राशि का केवल 40 प्रतिशत हिस्सा दिया जाता था, जबकि 60 प्रतिशत रकम आरोपी अपने और अपने साथियों के खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। शिक्षकों को भरोसा दिलाया जाता था कि दो से तीन सालों में पूरा लोन, एचआरए समेत चुका दिया जाएगा। इसी विश्वास में शिक्षक जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देते थे। कुछ समय बाद आरोपी गायब हो जाते और पूरी ईएमआई का बोझ शिक्षकों पर आ जाता। जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में आरोपियों ने शिक्षकों के नाम पर फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। कई पीड़ितों के पते बदलकर नए आधार कार्ड बनवाए गए और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग बैंकों से लोन स्वीकृत कराया गया।

इन शिकायतों से खुला पूरा मामला

पूरे मामले की शुरुआत फरसगांव निवासी संजय कोडोपी की शिकायत से हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके साथियों को कई बैंकों से पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इसके बाद बड़ेडोंगर के अनंत कुमार निर्मलकर ने करीब 4 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। वहीं केशकाल क्षेत्र के देवेंद्र किशोर खवास, योगेश्वर बैद्य सहित अन्य शिक्षकों ने भी करोड़ों रुपए की ठगी की शिकायत पुलिस से की। इन शिकायतों के आधार पर फरसगांव और केशकाल थानों में कुल चार अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बड़ी मात्रा में डिजिटल और बैंकिंग रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इनमें मोबाइल, बैंक पासबुक, चेकबुक, ATM कार्ड, डायरी, रजिस्टर, लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस इन सभी रिकॉर्ड की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कर रही है।

बैंकिंग सिस्टम की खामी भी आई सामने

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी बैंकिंग सिस्टम की एक बड़ी कमजोरी का फायदा उठा रहे थे। जानकारों के मुताबिक एक बैंक से स्वीकृत लोन का रिकॉर्ड केंद्रीय क्रेडिट सिस्टम में अपडेट होने में कुछ समय लग जाता है। इसी अवधि के भीतर आरोपी एक ही व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग बैंकों से कई लोन स्वीकृत करा लेते थे। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी बैंकों के बीच रियल-टाइम क्रेडिट रिकॉर्ड सत्यापन और बेहतर समन्वय की आवश्यकता है, ताकि कम समय में एक ही व्यक्ति के नाम पर कई लोन स्वीकृत न हो सकें। मामले से जुड़े कुछ शिक्षकों का कहना है कि बदनामी और सामाजिक संकोच के कारण कई पीड़ित अब तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं। उनका दावा है कि जिले में करीब 150 से 200 शिक्षक इस गिरोह के झांसे में आए हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल 43 शिक्षकों से ठगी की पुष्टि की है और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है।

जांच का लगातार बढ़ रहा दायरा

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक एजेंटों और संभावित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आशंका है कि यह संगठित गिरोह कोंडागांव के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दे चुका है। इसी कारण जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। कम समय में ज्यादा पैसे और आसान लोन का लालच आखिरकार शिक्षकों के लिए भारी पड़ गया। इस मामले ने न सिर्फ एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है, बल्कि बैंकिंग सिस्टम की खामियों और लोन प्रक्रिया पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पांच आरोपी सलाखों के पीछे हैं, लेकिन जांच अभी जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और नाम सामने आ सकते हैं और इस करोड़ों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। ऐसे में यह मामला सिर्फ 43 शिक्षकों की ठगी तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है। (Teachers Cheated in Kondagaon)

Back to top button
error: Content is protected !!