Google Analytics —— Meta Pixel

एक वोट से जीते पार्षद की पहचान पर विवाद, पिता ने कहा- संतोष मेरा बेटा नहीं, जाति प्रमाण पत्र भी जांच के घेरे में

Ghumka Councilor Santosh Gandharv: राजनांदगांव के घुमका नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-14 से महज एक वोट के अंतर से चुनाव जीतने वाले निर्दलीय पार्षद संतोष गंधर्व की पहचान और जाति प्रमाण पत्र को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। खैरागढ़ जिले के सिरसाही गांव के जगन्नाथ गंधर्व ने ठेलकाडीह थाने में शिकायत दर्ज कर दावा किया है कि संतोष उनका बेटा नहीं है। आरोप है कि उनके नाम का उपयोग कर दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हीं के आधार पर अनुसूचित जाति यानी एससी वर्ग का जाति प्रमाण पत्र बनवाकर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा गया। वहीं पार्षद संतोष गंधर्व ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे चुनावी हार के बाद रची गई राजनीतिक साजिश करार दिया है।

यह भी पढ़ें:- बीजापुर में बाघ खाल तस्करी पर तीन वनकर्मी निलंबित, धमतरी में शिकारी गिरफ्तार, बस्तर में बाघ की आहट से सतर्कता

शिकायतकर्ता जगन्नाथ गंधर्व के मुताबिक उन्हें पूरे मामले की जानकारी तब मिली, जब घुमका से कुछ लोग उनके गांव सिरसाही पहुंचे और उनसे पूछा कि क्या संतोष उनका बेटा है। इसके बाद उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि उनके नाम से जुड़े पुराने स्कूल रिकॉर्ड के आधार पर दस्तावेज निकाले गए और उन्हीं का उपयोग जाति प्रमाण पत्र बनवाने में किया गया। जगन्नाथ का दावा है कि उन्होंने कभी संतोष को अपना बेटा नहीं माना और न ही वे उसे जानते हैं। उन्होंने पुलिस से जन्म संबंधी रिकॉर्ड, परिवार रजिस्टर, स्कूल अभिलेख, जाति प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। (Ghumka Councilor Santosh Gandharv)

दूसरी ओर पार्षद संतोष गंधर्व ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी मां और जगन्नाथ गंधर्व की लव मैरिज हुई थी, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। परिवार में तीन भाई और दो बहन हैं। बचपन से आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्कूल रिकॉर्ड समेत सभी सरकारी और शैक्षणिक दस्तावेजों में जगन्नाथ गंधर्व का नाम ही पिता के रूप में दर्ज है। उनका कहना है कि अगर दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी होती तो सालों पहले ही उस पर आपत्ति दर्ज हो जाती। संतोष गंधर्व ने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने स्कूल प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर दस्तावेज प्राप्त किए थे और पहचान के लिए आधार कार्ड भी प्रस्तुत किया था। उनका दावा है कि ठेलकाडीह पुलिस उनका बयान दर्ज कर चुकी है और उन्होंने जांच में पूरा सहयोग दिया है। चुनाव में एक वोट से जीत मिलने के बाद हार का सामना करने वाले लोग उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। (Ghumka Councilor Santosh Gandharv)

पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस

बता दें कि संतोष गंधर्व नगर पंचायत घुमका के वार्ड क्रमांक-14 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महज एक वोट के अंतर से विजयी हुए थे। अब उनकी जीत के बाद पहचान और जाति प्रमाण पत्र को लेकर उठे विवाद ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल मामले में दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। एक ओर शिकायतकर्ता स्वयं को संतोष का पिता मानने से इनकार कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर संतोष का कहना है कि बचपन से उनके सभी सरकारी दस्तावेजों में जगन्नाथ गंधर्व का नाम ही पिता के रूप में दर्ज है। ऐसे में अब पुलिस जांच, जन्म रिकॉर्ड, परिवार रजिस्टर, पुराने स्कूल अभिलेख, जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और चुनाव में प्रस्तुत दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला फर्जी पहचान और दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग का है या फिर चुनावी जीत के बाद सामने आया एक पुराना पारिवारिक विवाद। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!