Google Analytics —— Meta Pixel

केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा, 7 लोगों की हुई मौत

Thane Factory Blast: महाराष्ट्र के ठाणे में बड़ा हादसा हुआ है, जहां के डोंबिवली में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 40 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज एम्स में जारी है। हादसे में जान गंवाने वालों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। बता दें कि जिस फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ वो महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम यानी MIDC फेज -2 के कैंपस में स्थित है। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार तीन धमाके हुए, जो इतने तेज थे कि लगभग 3 किलोमीटर तक सुनाई दिए।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर प्रहार जारी, नारायणपुर मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर

ब्लास्ट की वजह से आसपास की इमारतों के शीशों में दरारें आ गईं। वहीं कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल हादसे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। राज्य के इंडस्ट्रीज मिनिस्टर उदय सामंत के मुताबिक यह फैक्ट्री बंद थी। मरने वालों में ज्यादातर लोग पास की फैक्ट्री के हैं। हादसे के वक्त वे काम कर रहे थे। वहीं हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रसायन फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुई आग दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एम्स पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा डोंबिवली की केमिकल कंपनी में बॉयलर विस्फोट की घटना दुखद है। मामले में 8 लोगों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्होंने कहा कि हम घायलों का इलाज करवा रहे हैं। (Thane Factory Blast)

घटनास्थल पर पहुंचे CM शिंदे के बेटे

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हम अगले 6 महीने में केमिकल फैक्ट्रियों को रहवासी इलाके से बाहर शिफ्ट करेंगे। महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि फैक्ट्री काफी महीनों से बंद पड़ी थी। कुछ दिन पहले ही इसे शुरू किया गया था। इससे पहले 9 मई को तमिलनाडु के शिवकाशी में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त विस्फोट हुआ था, जिसके बाद भीषण आग लग गई थी, जिसकी चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि कई लोग घायल हुए थे। (Thane Factory Blast)

Back to top button
error: Content is protected !!