Google Analytics —— Meta Pixel

CG Budget 2026-27 : धान खरीदी और उठाव पर सदन में गरमाया माहौल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

CG Budget 2026-27 : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन आज सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही धान खरीदी और उसके उठाव का मुद्दा गूंजा। प्रश्नकाल के दौरान विधायक लखेश्वर बघेल ने वर्ष 2025–26 में हुई धान खरीदी और उसके उठाव को लेकर सरकार से जानकारी मांगी।

यह भी पढ़े :- दुर्ग में 8 करोड़ की अवैध अफीम खेती पर चला बुलडोजर, 14 लाख पौधे नष्ट

छत्तीसगढ़ विधानसभा में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी गई जानकारी में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि धान खरीदी कब शुरू हुई और किसानों को भुगतान की किस्तों का विवरण क्या है। (CG Budget 2026-27)

इस पर जवाब देते हुए मंत्री Dayaldas Baghel ने बताया कि बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में धान उठाव के आंकड़े इस प्रकार हैं— बस्तर में 46,846.86 क्विंटल, बीजापुर में 21,888.59 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 9,757 क्विंटल, कांकेर में 1,47,528.3 क्विंटल, कोंडागांव में 58,911.78 क्विंटल, नारायणपुर में 17,383.06 क्विंटल और सुकमा में 16,608.14 क्विंटल धान का उठाव हुआ है।

विधायक लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि किसान लगातार एसडीएम कार्यालय और अन्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं और इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि कितने किसानों को वनाधिकार पट्टा मिला है और उनमें से कितने ऋणधारी तथा अऋणी किसान हैं।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने भी हस्तक्षेप करते हुए सरकार से स्पष्ट आंकड़े देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह बताया जाए कि वनाधिकार पट्टा धारक किसानों में कितने ऋणधारी और कितने अऋणी हैं।

मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब में कहा कि अब तक जितना धान इस वर्ष बिका है, उतना किसी भी वर्ष नहीं बिका। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो जानकारी मांगी जा रही है, वह मूल प्रश्न का हिस्सा नहीं है और इसे अलग से उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नजर नहीं आया और इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। मंत्री ने यह भी बताया कि बस्तर संभाग के बस्तर, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा जिलों में कुल 44,612 किसान अभी तक धान नहीं बेच पाए हैं। (CG Budget 2026-27)

Back to top button
error: Content is protected !!