NCERT Book Controversy : किताब में ‘विवादित अध्याय’ से मचा बवाल, PM मोदी ने जताई नाराजगी, बोले…

NCERT Book Controversy : PM मोदी ने एनसीईआरटी की कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पुस्तक को लेकर उठे विवाद पर नाराजगी जताई है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक के दौरान उन्होंने इस मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को क्या पढ़ाया जा रहा है, इस पर विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक के बाद प्रधानमंत्री इजरायल दौरे पर रवाना हुए थे।
यह भी पढ़े :- गरियाबंद में शिशु मंदिर का भव्य सांस्कृतिक आयोजन, नन्हें भैय्या-बहनों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
क्या है पूरा मामला?
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की आठवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान की पुस्तक में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार, लंबित मामलों और न्यायाधीशों की कमी जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया था। इसी अध्याय को लेकर विवाद खड़ा हुआ। (NCERT Book Controversy)
मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की कि यह न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाने का “सुनियोजित प्रयास” प्रतीत होता है। अदालत ने संबंधित पुस्तक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए उसकी सभी प्रतियां जब्त करने और डिजिटल संस्करण हटाने का आदेश दिया।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ, जिसमें न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली शामिल थे, ने एनसीईआरटी के निदेशक और विद्यालय शिक्षा विभाग के सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शिक्षा मंत्री का बयान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जो कुछ हुआ है उससे वे दुखी हैं और न्यायपालिका का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच कर जवाबदेही तय की जाएगी और अध्याय तैयार करने में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
प्रधान ने कहा कि जैसे ही सरकार को जानकारी मिली, पुस्तक का वितरण रोक दिया गया और एनसीईआरटी ने अपनी वेबसाइट से इसे हटा दिया। उन्होंने दोहराया कि भारत जैसे लोकतंत्र में न्यायपालिका सर्वोच्च है और सरकार अदालत के निर्देशों का पूरा सम्मान करेगी।
सरकार सख्त रुख में
सूत्रों के मुताबिक, पाठ्यक्रम में विवादास्पद संदर्भों को लेकर सरकार बेहद नाराज है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना है।
यह पूरा घटनाक्रम शिक्षा व्यवस्था, पाठ्यक्रम निर्माण और संस्थागत गरिमा के बीच संतुलन को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रहा है। (NCERT Book Controversy)



