Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के 64 लाख से ज्यादा वोटर्स को चुनाव आयोग का नोटिस, पढ़े क्या है पूरा मामला

Chhattisgarh SIR Update : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत राज्य के 64 लाख 95 हजार से अधिक मतदाताओं को चुनाव आयोग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में मतदाताओं के नाम, पता या पिता के नाम में त्रुटि होने की बात कही गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि 14 फरवरी 2026 तक इन त्रुटियों को ठीक नहीं कराया गया, तो संबंधित मतदाताओं का नाम अंतिम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। (Chhattisgarh SIR Update )

यह भी पढ़े :- मां महामाया के आशीर्वाद से रतनपुर को कॉरिडोर के रूप में करेंगे विकसित – अरुण साव

चुनाव आयोग की यह नोटिस प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ में कुल लगभग 2 करोड़ 12 लाख मतदाता हैं, जिनमें से करीब एक चौथाई वोटर्स को यह नोटिस भेजा गया है।

सॉफ्टवेयर जांच में सामने आईं तकनीकी गड़बड़ियां

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर द्वारा मतदाता रिकॉर्ड की जांच में कई तकनीकी और लॉजिकल एरर सामने आई हैं। उदाहरण के तौर पर, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम “प्रमोदकुमार” दर्ज था, जबकि SIR फॉर्म में वही नाम “प्रमोद कुमार” (स्पेस के साथ) दर्ज हो गया। इस तरह की मामूली विसंगतियों को भी सॉफ्टवेयर ने त्रुटि मानते हुए नोटिस जारी कर दिया है।

BLO के पास जाकर कराना होगा सुधार

जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, उन्हें अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जानकारी सुधारनी होगी। समय रहते सुधार नहीं कराने की स्थिति में मतदाता सूची से नाम हटने की आशंका जताई जा रही है।

किन कारणों से भेजा गया नोटिस?

SIR प्रक्रिया के दौरान सामने आई प्रमुख गड़बड़ियां इस प्रकार हैं-

नामों में त्रुटि:
नाम के प्रथम, द्वितीय या तृतीय हिस्से में बदलाव, स्पेस जुड़ना या हटना, या श्री/डॉ. जैसे शब्दों का हट जाना।

फोटो में अंतर:
वर्ष 2003 की फोटो और वर्तमान फोटो में बदलाव, क्योंकि 22 वर्षों में चेहरे में स्वाभाविक परिवर्तन आ गया है।

उम्र संबंधी विसंगति:
पिता और पुत्र की उम्र में 15 साल से कम का अंतर दिखना, जो सॉफ्टवेयर के अनुसार संदिग्ध माना गया।

एक ही पिता के नाम पर अधिक वोटर आईडी:
यदि एक ही पिता के नाम पर 6 से अधिक वोटर आईडी दर्ज पाई गईं, तो ऐसे मामलों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

समय रहते सुधार जरूरी

चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे नोटिस को गंभीरता से लें और 14 फरवरी से पहले अपने रिकॉर्ड में सुधार अवश्य करा लें, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में बना रहे। (Chhattisgarh SIR Update )

Back to top button
error: Content is protected !!