फिर खुली बहुचर्चित जग्गी हत्याकांड की फाइल, 1 अप्रैल को होगी अहम सुनवाई

Jaggi Murder Case Reopen : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड (Jaggi Murder Case Reopen) का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बुधवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच में सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने अंतिम सुनवाई के लिए 1 अप्रैल की तारीख तय कर दी है।
यह भी पढ़े :- आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के लिए व्यापक सर्वेक्षण आवश्यक : डॉ. कुसमरिया
सुनवाई के दौरान मृतक रामावतार जग्गी के पुत्र सतीश जग्गी भी अदालत में उपस्थित रहे। लंबे समय से चर्चा में रहे इस हाई-प्रोफाइल मामले के दोबारा खुलने से प्रदेश की राजनीति और कानूनी हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने इस हत्याकांड में दोषियों की अपील खारिज करते हुए आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था। हालांकि, बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले को मेरिट के आधार पर पुनः सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेजने का आदेश दिया था। इसी के बाद यह केस दोबारा खुला है।
गौरतलब है कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठे थे, जिसके चलते राज्य सरकार ने जांच CBI को सौंप दी थी। CBI की जांच में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र अमित जोगी सहित कई लोगों पर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे। हालांकि, बाद में सबूतों के अभाव में अमित जोगी को बरी कर दिया गया था।
अब मामले के पुनः खुलने के बाद कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी सुनवाई में सभी पक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। सतीश जग्गी का दावा है कि केस दोबारा खुलने के बाद अमित जोगी की स्थिति फिर से अहम हो गई है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को CBI, राज्य सरकार, अमित जोगी और वे स्वयं अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।
अमित जोगी बोले— “सत्य की जीत होगी”
इस बीच अमित जोगी ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि वे पूरी शांति और आत्मविश्वास के साथ अदालत का सामना करेंगे। उनका कहना है कि “सत्य की जीत निश्चित है।” (Jaggi Murder Case Reopen)



