Google Analytics —— Meta Pixel

मंत्री की ठोकर से उखड़ी नई सड़क,घटिया निर्माण की खुली पोल, भ्रष्टाचार हुआ उजागर

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले में एक सड़क परियोजना के औचक निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी की हल्की ठोकर से ही नई बनी सड़क उखड़ गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

यह भी पढ़े :- कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, चार केस में अरेस्ट स्टे

यह पूरा मामला सतना जिले की कोठी तहसील से पोड़ी–मनकहरी तक बनी करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण कार्य से जुड़ा है। सड़क पर हाल ही में मरम्मत और नवीनीकरण किया गया था, लेकिन निरीक्षण के दौरान इसकी घटिया गुणवत्ता उजागर हो गई।

हल्की ठोकर में उखड़ गई सड़क की परत

निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रतिमा बागरी ने सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए उस पर हल्की ठोकर मारी, जिसके बाद सड़क की ऊपरी परतें उखड़ गईं। यह नजारा देखकर मंत्री नाराज हो गईं और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

सड़क की कमजोर स्थिति से यह साफ हो गया कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जो भ्रष्टाचार और लापरवाही की ओर इशारा करता है।

अधिकारियों को फटकार, ठेका रद्द करने के आदेश

मंत्री ने मौके पर मौजूद कार्यपालन यंत्री बी.आर. सिंह को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समय पर जांच क्यों नहीं की गई और जनता के टैक्स के पैसों की ऐसी खुली बर्बादी कैसे होने दी गई।

मंत्री प्रतिमा बागरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि-

“इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने संबंधित ठेकेदार का ठेका तत्काल प्रभाव से रद्द करने और लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही दोषी अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!