CG Cabinet Meeting : 4 फरवरी को होगी साय कैबिनेट की बैठक, कई अहम फैसलों पर लग सकती है मुहर

CG Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की अगली बैठक (CG Cabinet Meeting) फरवरी माह के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएगी। यह कैबिनेट बैठक 4 फरवरी 2026, मंगलवार को सुबह 11:30 बजे मंत्रालय महानदी भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में संपन्न होगी।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की सड़कों को मिलेगा नया रफ्तार, गडकरी से अरुण साव की अहम मुलाकात
गौरतलब है कि इससे पूर्व 21 जनवरी 2026 को कैबिनेट की बैठक (CG Cabinet Meeting) आयोजित हुई थी, जिसमें राज्य हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
21 जनवरी की कैबिनेट बैठक में लिए गए प्रमुख फैसले
1. आबकारी नीति 2026-27 को मंजूरी
मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्ताव का अनुमोदन किया और इससे संबंधित सभी अनुषांगिक कार्यवाहियों के लिए विभाग को अधिकृत किया।
2. नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान की स्थापना
नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को 90 वर्षों की लीज पर आबंटित करने की स्वीकृति दी गई। यहां नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान (NMIMS) की स्थापना की जाएगी।
SVKM वर्ष 1934 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है और देशभर में 30 शैक्षणिक संस्थान संचालित करता है। वर्ष 2025 की NIRF यूनिवर्सिटी रैंकिंग में संस्था को 52वां स्थान प्राप्त हुआ है। इससे राज्य में उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
3. नवा रायपुर में 4 नए उद्यमिता केंद्र स्थापित होंगे
मंत्रिपरिषद ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया। इसके तहत नवा रायपुर में AI, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट एग्री आधारित चार उद्यमिता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
आगामी 3 से 5 वर्षों में 133 स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विकास (ESDM) केंद्र की स्थापना होगी, जो प्रतिवर्ष 30–40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप्स और MSME को सहयोग देगा।
4. सरकारी अस्पतालों की लैब व्यवस्था होगी मजबूत
राज्य के सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लैब संचालन को सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया। इससे जांच की संख्या और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।



