सदन में हंगामा, अजय चंद्राकर ने प्रक्रिया और नीति पर सवाल उठाए,मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई आपत्ति
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ‘विजन 2047’ पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने वित्त मंत्री और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए, जिससे सदन में हल्की बहस देखने को मिली।
यह भी पढ़े :- विधानसभा में ‘विजन 2047’ पर विशेष चर्चा : ओपी चौधरी बोले- भविष्य का ठोस खाका
अजय चंद्राकर ने सत्र की प्रक्रिया पर असंतोष जताते हुए पूछा कि चर्चा किस नियम और किस प्रक्रिया के तहत हो रही है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि क्या इसे शासकीय संकल्प के अंतर्गत माना जाएगा और चर्चा के दौरान मंत्री जवाब देंगे या सभी विधायक अपनी बात रख सकते हैं।
उनकी टिप्पणियों से नाराज मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़े होकर अध्यक्ष से आपत्ति जताई और व्यक्तिगत आरोप वाले अंश को कार्यवाही से विलोपित करने की मांग की।
इसके पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘विजन 2047’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास का रोडमैप सदन में पेश किया। इस प्रस्तुति के जवाब में अजय चंद्राकर ने कहा कि रोजगार की परिभाषा स्पष्ट नहीं है, कृषि का क्षेत्र और फसल उत्पादन घट रहा है, एलाईड सेक्टर और लघु–सूक्ष्म उद्योग योजनाएं अधर में हैं, और क्षेत्रीय असंतुलन भी नजर आता है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के 97 प्रतिशत लोग अनस्किल्ड हैं और उद्योग नीति अभी तक लागू नहीं हुई है।
अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि ‘मेक इन छत्तीसगढ़’ और कुटीर उद्योगों के लिए नीति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सतत जल प्रबंधन, गरीबी उन्मूलन और रोजगार सृजन पर ठोस नीतियों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।



