PM मोदी का राजीव गांधी जैसा हाल करने की धमकी, पढ़ें पूरी खबर
Threat to PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को केरल के दौरे पर रहेंगे। वहीं उनके दौरे से पहले केरल BJP अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मानव बम से हमले की धमकी दी गई है। लेटर मलयालम में है, जिसमें कहा गया है कि PM मोदी का हाल भी राजीव गांधी जैसा होगा। बता दें कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदुर में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें:- सिंगापुर के 2 सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग, ISRO ने किया कमाल
BJP प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्रन ने कहा कि उन्होंने पुलिस को धमकी भरा पत्र सौंप दिया है। चौंकाने वाली बात है कि ADGP इंटेलिजेंस की 49 पन्नों की एक खुफिया रिपोर्ट भी कुछ दिन पहले मीडिया में लीक हुई है। रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के नाम, उनकी भूमिका, PM के विस्तृत कार्यक्रम चार्ट समेत अन्य मामलों की डिटेल दी गई है। रिपोर्ट में राज्य में आतंकवादी और राष्ट्र विरोधी ताकतों की उपस्थिति का उल्लेख किया गया है, जो चौंकाने वाला है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री को धमकी मिलना सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है। (Threat to PM Modi)
केरल BJP प्रदेशाध्यक्ष के मुताबिक उन्हें 17 अप्रैल को मिला पत्र पुलिस को सौंप दिया गया है। इसे भेजने वाले का नाम एनार्कुलम निवासी जोसेफ जॉनी है। हालांकि पुलिस की पूछताछ में जॉनी ने ऐसी चिट्ठी भेजने से इनकार किया है। फिर भी पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है। राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे पत्र में जिस एड्रेस का जिक्र किया गया है, वहां पर एक व्यक्ति मिला। उसे लेटर के बारे में कुछ नहीं पता था। लेटर की बात सुनकर वह काफी डर गया। पुलिस ने उनकी लिखावट का मिलान किया। दोनों मैच नहीं हुए। (Threat to PM Modi)
वहीं जॉनी ने कहा- हो सकता है कि धमकी देने के पीछे कोई ऐसा व्यक्ति हो जो मुझे फंसाना चाहता हो। पुलिस के मुताबिक धमकी भरा पत्र भेजने वाले ने उसके झूठे पते का इस्तेमाल किया है। पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है। जॉनी के परिवार ने कहा कि उन्हें इलाके के एक अन्य व्यक्ति पर शक है। एक चर्च से संबंधित किसी मामले को लेकर उनका उस व्यक्ति से कुछ विवाद है। (Threat to PM Modi)
जानकारी के लिए बता दें कि PM नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल से 8 शहरों के सात कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। PMO की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक मोदी सोमवार से 36 घंटे के अंदर 8 शहरों में 5,300 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे। 24 अप्रैल को PM दिल्ली से मध्यप्रदेश, फिर दक्षिण में केरल, उसके बाद पश्चिम में केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव की यात्रा करेंगे। PM दिल्ली से खजुराहो जाएंगे और करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जहां से वे राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रीवा जाएंगे। इसके बाद वे वापस खजुराहो आएंगे। इस दौरान वह लगभग 280 किमी की दूरी तय करेंगे।
PM मोदी खजुराहो के बाद यूथ कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए केरल के कोच्चि रवाना होंगे। इस दौरान वे करीब 1,700 किमी की हवाई यात्रा करेंगे। इसके बाद मंगलवार की सुबह मोदी करीब 190 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कोच्चि से तिरुवनंतपुरम जाएंगे। वहां PM वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद विभिन्न प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद PM गुजरात के सूरत रवाना होंगे। सिलवासा में मोदी नमो मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे और विभिन्न प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह देवका समुद्री तट के उद्घाटन के लिए दमन जाएंगे, जिसके बाद वह करीब 110 किमी की दूरी तय कर सूरत जाएंगे। सूरत से PM वापस दिल्ली जाएंगे। (Threat to PM Modi)



