Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh News: नगर पंचायत पलारी को नशामुक्त, प्लास्टिकमुक्त और हरित नगर बनाने तीन ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित

बलौदाबाजार-पलारी। बलौदाबाजार भाटापारा जिला अंतर्गत नगर पंचायत पलारी द्वारा आयोजित नगर सभा में नगरहित से जुड़े तीन अत्यंत महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस नगर सभा में नगर के प्रबुद्धजन, सर्व समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, महिला-युवा, किसान, पत्रकार साथी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभा में पलारी को सुरक्षित, शांत, स्वच्छ और स्वस्थ नगर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

प्रमुख प्रस्ताव इस प्रकार हैं-

1. सार्वजनिक स्थानों पर नशा, मांस व मदिरा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध

सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, मुक्तिधाम, बस स्टैंड, गार्डन एवं अन्य धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर नशा, मांस व मदिरा सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर ₹3000 का अर्थदंड तथा आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- छोटी सी उम्र में साहिबजादों ने वीरता और गौरव की जो मिसाल पेश की, वह युगों तक प्रेरणा देती रहेगी – मुख्यमंत्री साय

2. प्लास्टिक मुक्त पलारी अभियान

नगर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग पर पूर्ण रोक रहेगी। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का विक्रय करते पाए जाने पर जुर्माना एवं दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

3. जन्मदिवस व स्मृति में पौधारोपण

नगर में चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर जन्मदिवस, पुण्यतिथि एवं स्मृति अवसरों पर पौधारोपण किया जाएगा। पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाई जाएगी।

31 दिसंबर तक सघन प्रचार, 1 जनवरी से सख्त अमल

नगर पंचायत द्वारा 31 दिसंबर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 1 जनवरी से नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने कहा “नगर सभा में पारित ये प्रस्ताव केवल नियम नहीं, बल्कि पलारी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प हैं। नशामुक्त, प्लास्टिकमुक्त और हरित पलारी हमारा लक्ष्य है। नगरवासियों के सहयोग से हम इन निर्णयों को पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ लागू करेंगे। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।”

नगर के प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे नगर पंचायत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इन निर्णयों को सफल बनाएंगे और पलारी को आदर्श नगर के रूप में स्थापित करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!