टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी तैयारी

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी वारदात के बाद मुंबई से फरार हो गए थे और ट्रेन से जयपुर पहुंचकर दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी ली और सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे तीनों को पकड़ लिया। कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महज 15 मिनट में ट्रेन की तलाशी लेकर संदिग्धों को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें:- चार साल में 9 सेलिब्रिटीज पर फायरिंग, अब निशाने पर एक्टर टाइगर श्रॉफ, लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से बढ़ी चिंता
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें सोनीपत निवासी 18 साल का रेहान, बिहार के बेगूसराय का रहने वाला 22 साल का ऋतिक और हरियाणा के सोनीपत जिले का एक 17 साल का नाबालिग शामिल है। ऋतिक मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहता था और रैपिडो बाइक चलाता था। पुलिस अब तीनों की भूमिका, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और उनके संपर्कों की जांच कर रही है। राजस्थान पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित का नाम सामने आया है। आरोप है कि उसने फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया था। पुलिस का दावा है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों में से दो ने फायरिंग की थी।
वारदात के बाद बाइक छोड़कर भागे आरोपी
मुंबई पुलिस के मुताबिक फायरिंग के बाद संदिग्धों ने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी थी। इसके बाद वे बोरीवली की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। जांच एजेंसियां अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या पर नजर रखी थी। जानकारी के मुताबिक 17 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने पहुंचे थे। शाम करीब 7 बजे मैदान से निकलने के बाद वे फैंस के साथ सेल्फी लेकर अपनी कार में बैठे। इसी दौरान गेट पार करते समय बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर करीब 5 से 7 राउंड फायरिंग की और तीसरे साथी के साथ फरार हो गए। (Tiger Shroff Firing Case)
टाइगर की बढ़ाई गई सुरक्षा
गोली टाइगर श्रॉफ को नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई। फायरिंग में उनके ड्राइवर फिरदौस भी घायल हो गए। घटना के बाद टाइगर ने ड्राइवर को संभाला और खुद कार चलाकर वहां से निकले। बाद में वे ड्राइवर को लेकर नानावटी अस्पताल पहुंचे। घटना के दौरान एक फैंन के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी। फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है। घटना के बाद टाइगर श्रॉफ के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों को एक्टर के फुटबॉल खेलने आने और वहां से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली। एक्टर पर फायरिंग की घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे जंगलराज बताया। वहीं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भी कहा कि टाइगर श्रॉफ और अन्य हस्तियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। (Tiger Shroff Firing Case)

अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने घटना को चिंताजनक बताया, जबकि भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने टाइगर के सुरक्षित रहने पर राहत जताई। माकपा नेता वृंदा करात ने भी देश की आर्थिक राजधानी में गोलीबारी की घटना को गंभीर बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। कोटा में संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस फायरिंग की साजिश, कथित कॉन्ट्रैक्ट, हथियारों की उपलब्धता और आरोपियों के नेटवर्क पर है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं। कोटा रेलवे स्टेशन से तीनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अब मुंबई पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की पूरी साजिश, कॉन्ट्रैक्ट देने वाले लोगों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। अब इस मामले में आगे की जांच और पूछताछ से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और इसके तार किन लोगों से जुड़े हैं।



